ब्रह्मागरी पुष्कर में हाट बाजार पीपीपी मॉडल पर संचालित

WhatsApp Channel Join Now
ब्रह्मागरी पुष्कर में हाट बाजार पीपीपी मॉडल पर संचालित


अजमेर, 18 अगस्त(हि.स.)। राजस्थान के पारम्परिक दस्तकारों, बुनकरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और लघु उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अजमेर जिले के ब्रह्मनगरी एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध पुष्कर में हाट बाजार का संचालन सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर किया जाएगा।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के संयुक्त आयुक्त एवं महाप्रबन्धक डी. के. शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा अंतराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर की गई घोषणा की पालना में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा हाट बाजार की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अधीनस्थ उद्यम प्रोत्साहन संस्थान ने इसके लिए आरएफपी जारी किया है।

उन्होंने बताया कि पुष्कर हाट में नियमित मेले, औद्योगिक प्रदर्शनियां, कौशल विकास सेमीनार, कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम आदि संचालित किए जाएगें। इससे पुष्कर में आने वाले देशी एवं विदेशी पर्यटकों को अजमेर तथा राजस्थान के पारम्परिक दस्तकारों, बुनकरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और लघु उद्यमियों के उत्पादों को सीधा विक्रय करने का अवसर प्राप्त होगा। इस हाट में दस्तकारों, बुनकरों को ठहरने की सुविधा भी मिलेगी। पुष्कर हाट को पर्यटन एवं व्यापार केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story