गुरुवंदन एवं एक पेड़-एक शिक्षक कार्यक्रम आयोजित, शिक्षकों ने किया पौधरोपण

WhatsApp Channel Join Now
गुरुवंदन एवं एक पेड़-एक शिक्षक कार्यक्रम आयोजित, शिक्षकों ने किया पौधरोपण


जयपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय ब्रह्मपुरी में सोमवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) के खंड हवामहल जयपुर द्वितीय के तत्वावधान में गुरुवंदन एवं एक पेड़-एक शिक्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों ने गुरु परंपरा के महत्व पर विचार साझा करने के साथ विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) के प्रदेश अतिरिक्त मंत्री बसंत जिंदल थे, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आदर्श नगर के नगर सहकार्यवाह राज वशिष्ठ ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम कौशिक एवं खंड अध्यक्ष राजेश वशिष्ठ ने की।

इस अवसर पर महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह जाट भी मंचासीन रहे।

मुख्य अतिथि बसंत जिंदल ने संगठन के इतिहास एवं विकास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राजस्थान में संगठन का पूर्व नाम राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) था, जिसकी स्थापना वर्ष 1954 में श्रद्धेय जयदेव पाठक ने की थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1989 में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की स्थापना हुई तथा वर्ष 2025 में बांसवाड़ा अधिवेशन में इसका विलय किया गया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में संगठन के देशभर में 13 लाख से अधिक तथा राजस्थान में करीब 2.80 लाख सदस्य हैं। उन्होंने संगठन के ध्येय वाक्य राष्ट्र हित में शिक्षा, शिक्षा हित में शिक्षक, शिक्षक हित में समाज को दोहराते हुए विद्यालयों को संस्कार एवं पर्यावरण संरक्षण का केंद्र बनाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता राज वशिष्ठ ने कहा कि गुरु भारतीय संस्कृति की आधारशिला हैं और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने नई पीढ़ी को संस्कारयुक्त शिक्षा देने, गुरु सम्मान की परंपरा को सुदृढ़ करने तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने पर बल दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में एक पेड़-एक शिक्षक अभियान के तहत शिक्षकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

खंड अध्यक्ष राजेश वशिष्ठ ने सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया तथा शिक्षकों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन खंड मंत्री अभिनव त्यागी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश संभाग मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश टेलर, जिला पदाधिकारी रमेश चंद्र गुप्ता, श्याम बहादुर शर्मा, मुकेश कुमार सैनी, नेहा भट्ट, राखी सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story