गुरु पूर्णिमा पर्व कल, धार्मिक स्थलों पर बहेगी आस्था की बयार
जोधपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। सनातन धर्म संस्कृति व साधक जीवन का मुख्य पर्व गुरु पूर्णिमा महोत्सव बुधवार को श्रद्धा व भक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न सम्प्रदाय की प्रमुख गुरुपीठों एवं आश्रमों में व्यास पीठ पूजन व धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।
अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र जोधपुर आश्रम में 29 जुलाई को सुबह 10.30 बजे गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर आश्रम में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। महोत्सव के दौरान गुरु पूजन, ध्यान, संजीवनी मंत्र जप, सत्संग, भजन-कीर्तन एवं महाप्रसाद सहित विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं चौपासनी गांव स्थित संत मघराज सूरदास आश्रम में गुरु पूर्णिमा का महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।
कार्यक्रम का आरंभ सुबह आठ बजे गुरुजी की चरण पादुका के पूजन के साथ आरंभ होगा। सूर भवन के ट्रस्टी लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने बताया कि पादुका पूजन के पश्चात महा आरती का आयोजन किया जाएगा, फिर भक्तों में प्रसादी का वितरण होगा। साथ ही दृष्टिहीन कलाकारों द्वारा कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
सुरसागर, कनावतों का बास, गांव गेंवा स्थित गोगाजी महाराज धाम में धाम की साध्वी सीमा किशोरी महाराज के सान्निध्य में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर्व के दौरान गुरु पूजन व भजन वाणी का आयोजन होगा, जिसमें मंजू डागा एंड पार्टी भजन वाणी प्रस्तुत करेगी।
ओल्ड कैंपस के सामने स्थित श्री पीपलेश्वर महादेव मंदिर में महंत व संस्थापक श्रीधर गिरी महाराज के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव 29 जुलाई को श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 6 बजे ब्रह्मलीन गुरुदेव का विधिवत समाधि पूजन, पूजा-अर्चना, आरती व दर्शन के बाद गुरुदेव श्रीधर गिरी महाराज का पूजन व आशीर्वाद प्राप्ति के साथ नाम दीक्षा का आयोजन होगा, जिसमें मंदिर समिति सदस्य व भक्तगण सेवाएं प्रदान करेंगे। वहीं अखिल भारतीय कबीर पंथ संप्रदाय राजस्थान के प्रथम प्राचीन स्थान फतेहसागर ओटे के सामने स्थित सदगुरु कबीर आश्रम में आश्रम के महंत राजेन्द्र दास के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव 29 जुलाई को श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह ध्वजारोहण के बाद सुबह 8.15 बजे से गुरु महिमा पाठ-कबीर चालीसा पाठ -बीजक पाठ-गुरु पूजन दर्शन- नाम दीक्षा-समाधि दर्शन, सुबह 10.30 बजे से गुरु प्रसादी, दोपहर 12 बजे से सत्संग-प्रवचन-भजन और शाम 4.15 बजे महाआरती गुरु पुजा का आयोजन होगा, जिसमें अनेक संत व श्रद्धालु शामिल होंगे।
तापडिया बेरा चांदपोल के बाहर बाबा प्रकाशपुरी आश्रम में चल रहे अनिश्चितकालीन अखण्ड रामायण पाठ स्थल पर 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पूर्णिमा पर संगोष्ठी सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
आश्रम के छगनीराम गहलोत व राहुल पुरोहित ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर बाबा प्रकाशपुरी आश्रम में 29 जुलाई को दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन आश्रम की गादीपति संत रूकमणपुरी महाराज के सानिध्य में किए जाएंगे।
कार्यक्रमों की कड़ी में रामायण पाठ में विभिन्न चौपाइयों का संगान, बाबा प्रकाशपुरी की पादुकाओं का पूजन, सेवाधारी संत सतीश पुरोहित की समाधि का व विभिन्न महात्माओं के चित्रपट्ट का पूजन के साथ ही आश्रम में स्थित त्रयंबकेश्वर महादेव का भव्य रुद्राभिषेक, गुरु अमृत वाणी, गुरु सहस्त्रनाम स्त्रोत, महिला मंडली द्वारा गुरु महिमा भजनों के अलावा बडी आरती एवं सार्वजनिक प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भव्य फूल मंडली व संपूर्ण आश्रम को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा।
दोपहर 12.30 बजे गुरुतत्व मीमांशा पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन संत रूकमणपुरी महाराज की अध्यक्षता में होगा जिसमें इतिहासकार प्रो. डॉ. श्याम प्रसाद व्यास, समाजशास्त्री प्रो.डॉ. कैलाशनाथ व्यास एवं अन्य गणमान्य लोग भाग लेकर गुरुतत्व मीमांसा पर अपने विचार साझा करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

