गुरु नानक प्रकाश पर्व पर निकला नगर कीर्तन : कल कार्तिक पूर्णिमा पर प्रकाशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
गुरु नानक प्रकाश पर्व पर निकला नगर कीर्तन : कल कार्तिक पूर्णिमा पर प्रकाशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन


जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। सिख धर्म के संस्थापक प्रथम गुरु गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर सूर्यनगरी में तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन शुरू हुए। इस अवसर पर शहर में नगर कीर्तन निकाला गया, जबकि 23 नवंबर को विशेष कीर्तन दीवान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मुख्य प्रकाशोत्सव मनाया जाएगा।

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सेवादार सरदार दर्शन सिंह लोटे एवं सचिव सरदार कुलदीप सिंह सलूजा ने बताया कि नगर कीर्तन का शुभारंभ गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब से दोपहर में हुआ। नगर कीर्तन जलजोग चौराहा, सरदारपुरा सी और बी रोड, गुरुसंगत दरबार, जालोरी गेट, महात्मा गांधी रोड एवं स्टेशन रोड होते हुए शाम को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचकर संपन्न हुआ जहां पहुंचकर गुरु का अटूट लंगर वरताया गया।

पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ भाग लिया। इस दौरान सभी श्रद्धालु सफेद वस्त्रों के साथ नीली चुन्नी एवं नीली पगड़ी, दस्तार सजाकर नगर कीर्तन की शोभा बढ़ा रहे थे। नगर कीर्तन के दौरान रंजीत गतका दल द्वारा पूरे मार्ग में पारंपरिक गतका एवं मार्शल आर्ट का शानदार प्रदर्शन किया गया। इसमें छोटे बच्चों से लेकर युवा एवं युवतियों ने पूरे साहस और कौशल के साथ अपनी कला का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समाज के प्रवक्ता सरदार जितेंद्र सिंह बत्रा ने बताया कि गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ 1 नवंबर से किया गया था। इसके अंतर्गत प्रतिदिन सुबह गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसका क्रम 21 नवंबर तक लगातार जारी रहा।

गुरुपर्व के निमित्त निशान साहिब के चोले की सेवा एवं श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ भी किया गया, जिसकी समाप्ति 24 नवंबर मंगलवार सुबह होगी। इसके पश्चात मुख्य दीवान सजाए जाएंगे।

24 को मुख्य आयोजन और सेवा शिविर :

समाज प्रवक्ता सरदार जितेंद्र सिंह बत्रा ने बताया कि 24 नवंबर को सुबह 8 से 9 बजे तक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में कीर्तन होगा। वहीं गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सुबह 9 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद दिनभर धार्मिक दीवान, कीर्तन और गुरु का अटूट लंगर आयोजित होगा।

इस अवसर पर भाई घन्नैया सेवा समिति, रोटरी क्लब, लॉयंस क्लब, इन्द्र लोक संस्था द्वारा सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक रक्त दान शिविर, होमोयोपैथिक, आयुर्वेदिक शिविर लगाया जाएगा व नि:शुल्क सेवाएं ओर दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story