गुरुद्वारों में हुए विशेष आयोजन, कीर्तन कर सामूहिक अरदास की

WhatsApp Channel Join Now
गुरुद्वारों में हुए विशेष आयोजन, कीर्तन कर सामूहिक अरदास की


जोधपुर, 24 नवम्बर (हि.स.)। सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानकदेव का 557वां प्रकाशोत्सव मंगलवार को श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान गुरुद्वारों में विशेष पूजा अर्चना की गई। यहां गुरु कीर्तन, सत्संग, अरदास व लंगर प्रसादी का आयोजन किया गया। अखण्ड पाठ साहेब के समापन पर कीर्तन कर सामूहिक अरदास की गई। प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर सभी गुरुघरों में साज सज्जा की गई।

सिखों के प्रथम गुरु नानक देव की जयंती मंगलवार को प्रकाश पर्व के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर शहर के सभी गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान सजाए गए व धार्मिक आयोजन हुए। मुख्य आयोजन आनंद सिनेमा के पास स्थित गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा में किया गया। वहीं अन्य गुरुद्वारों में भी श्रद्धालुओं ने आराधना की। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सेवादार सरदार दर्शन सिंह लौटे एवं सचिव कुलदीप सिंह सलूजा ने बताया कि इस पावन अवसर पर विशेष रूप से करनाल से पधारे प्रसिद्ध कीर्तनी जत्थे तजिन्दर सिंह ने अपनी मधुर वाणी से गुरुवाणी कीर्तन और गुरमत विचारों के माध्यम से साध संगत को निहाल किया।

शहर विधायक अतुल भंसाली एवं भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने भी गुरु महाराज के आगे शीश नवाया एवं सरबत के भले की अरदास में शिरकत की। समाज प्रवक्ता सरदार जितेंद्र सिंह बत्रा ने बताया कि प्रकाश पर्व के मुख्य दिन सुबह गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में कीर्तन हुआ।

इसके पश्चात गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में अखंड पाठ साहिब की समाप्ति हुई। इस दौरान भाई घन्हैया सेवा समिति, रोटरी क्लब ब्लू सिटी, इंद्रलोक एवं लायंस क्लब जोधपुर जोधाणा के संयुक्त तत्वावधान में गुरुद्वारा परिसर के बाहर रक्तदान, होम्योपैथी एवं आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया।

पूज्य सिंधी पंचायत प्रताप नगर के तत्वावधान में गुरु नानक देव जयंती श्रद्धा से मनाई गई। महासचिव प्रदीप वरदानी ने बताया कि चेयरमेन रामचंद्र चांदवानी, अध्यक्ष अशोक मूलचंदानी की देखरेख में जंयती मनाई गई। इस अवसर पर प्रेमप्रकाश मंडल के संत साईं जीतूराम ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि हमें गुरु नानक देव, भगवान झूलेलाल के बताए गए मार्ग पर चलकर सच्चाई से मानवता की सेवा करनी चाहिए।

इससे पहले सुबह झंडारोहण कर भजन प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर पंचायत के पदाधिकारियों भगवान मुलानी, विजयकुमार चांदवानी, कमलेश लालवानी, सुशील मंगलानी, ओमप्रकाश भेरवानी, प्रीतम दास ममतानी, ठाकुर मंगलानी, हरीश देवनानी, गणेश बिजानी, ललित फुलवानी, चेतन दासानी, प्रीतम दास लालवानी, सुरेंद्र भिमानी, राजा रोचानी, अप्पू बादलानी, रमेश हिंगोरानी, बंसी गोकलानी, ललित फिथानी, प्रकाश पारवानी, संजय टिकयानी, नरेंद्र पंजाबी आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story