गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार में प्रकाश पर्व की धूम

WhatsApp Channel Join Now
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार में प्रकाश पर्व की धूम


जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में वैशाली नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार में भक्ति और उल्लास का माहौल है। गुरुद्वारे में 28 अक्टूबर से लगातार निकाली जा रही प्रभात फेरियों का समापन शनिवार, 21 नवंबर को श्रद्धापूर्वक होगा। इसके बाद 22 नवंबर से तीन दिवसीय विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी।

गुरुद्वारा प्रबंधन के अनुसार प्रभात फेरियों का उद्देश्य लोगों के अंतर्मन में भक्ति, प्रेम, सद्भावना और सकारात्मक विचारों का संचार करना है। सुबह भजन-कीर्तन और प्रभु के नाम का स्मरण करने से मन को शांति मिलती है। सामूहिक प्रभात फेरियों से समाज में आपसी भाईचारा और एकता मजबूत होती है। साथ ही नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों से जुड़ती है।

22 से 24 नवंबर तक सजेगा कीर्तन दीवान, अटूट लंगर

गुरुद्वारा वैशाली नगर के प्रधान सरदार सर्वजीत सिंह मखीजा ने बताया कि प्रकाश पर्व के तहत 22 से 24 नवंबर तक विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 22 नवंबर को सुबह 7 से 9 बजे तक भाई जगतार सिंह (लुधियाना वाले) द्वारा श्री आसा दी वार के पाठ से होगी।

मुख्य आयोजन 24 नवंबर को होगा। इस दिन सुबह 7 से रात 10 बजे तक भव्य कीर्तन दीवान सजाया जाएगा। सुबह 7 से 9 बजे तक श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी भाई सतिन्दर पाल सिंह आसा दी वार का पाठ करेंगे। इसके बाद भाई जगतार सिंह, ज्ञानी निर्मल सिंह (धूलकोट वाले), ज्ञानी दविंदर सिंह, स्थानीय हजूरी रागी भाई जसविंदर सिंह और स्त्री सत्संग गुरुद्वारा वैशाली नगर की ओर से गुरबाणी कीर्तन किया जाएगा। इस दौरान संगत के लिए दिनभर अटूट लंगर बरताया जाएगा।

बेंगलुरु के फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजेगा दरबार

प्रधान सर्वजीत सिंह मखीजा ने बताया कि इस बार प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा साहिब की विशेष सजावट की जाएगी। इसके लिए बेंगलुरु से ताजे और विशेष प्रकार के फूल मंगवाए गए हैं। फूलों से दरबार साहिब को आकर्षक रूप दिया जाएगा। साथ ही रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष लाइटिंग से पूरे गुरुद्वारा परिसर को भव्य रूप से सजाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780598 Articles

Share this story