गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकलेगा भव्य नगर कीर्तन
जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। सिख धर्म के संस्थापक एवं जगत गुरु श्री गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व 24 नवंबर 2026 को पूरे विश्व में श्रद्धा, सत्कार और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर के उपलक्ष्य में गुरुवार को छोटीकाशी जयपुर में खालसाई शानो-शौकत और परंपरागत मान-सम्मान के साथ विशेष नगर कीर्तन निकाला जाएगा।
राजापार्क गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष सरदार अजयपाल सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन की शुरुआत दोपहर 3:30 बजे गुरुद्वारा साहिब, चौड़ा रास्ता से होगी। यह भव्य शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—त्रिपोलिया बाजार, किशनपोल बाजार, नेहरू बाजार, बापू बाजार और जौहरी बाजार से होते हुए गुरुद्वारा साहिब, चांदी की टकसाल पहुंचकर संपन्न होगी।
गुरुद्वारा साहिब के महासचिव सरदार रविंद्रपाल सिंह नरूला ने जानकारी दी कि नगर कीर्तन की शोभा में हाथी पर सवार सेवादार सिख पंथ की शान का प्रतीक 'निशान साहिब' थामकर चलेंगे। पंज प्यारों की अगुवाई और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन हजूरी में निकलने वाले इस नगर कीर्तन में बैंड-बाजे और पूरा वैभव लश्कर शामिल रहेगा। जयपुर की समस्त गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों और सिख संगत के विभिन्न जत्थों द्वारा पूरे मार्ग में गुरबानी और 'वाहेगुरु-वाहेगुरु' नाम सिमरन का मधुर कीर्तन किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नौजवान सिख सेवा दल के सहयोग से आमंत्रित विश्व प्रसिद्ध 'वीर खालसा ग्रुप' रहेगा, जिसके सदस्य अपने हैरतअंगेज गतका कौशल और बहादुरी के कारनामों से जोश भरेंगे। इसके अलावा श्री गुरुनानक देव स्कूल व सेंट सोल्जर स्कूल के विद्यार्थी भी शोभायात्रा में शामिल होंगे।
श्रद्धा और सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए सेवादार पूरे नगर कीर्तन मार्ग की सफाई करेंगे और शुद्ध जल का छिड़काव करते हुए आगे बढ़ेंगे। शहर के विभिन्न व्यापार मंडलों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा जगह-जगह नगर कीर्तन का पुष्पवर्षा से स्वागत किया जाएगा और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित होगा।
समापन स्थल गुरुद्वारा साहिब, चांदी की टकसाल को विशेष रूप से सजाया गया है। रात्रि में यहां आकर्षक विद्युत सजावट के साथ भव्य आतिशबाजी की जाएगी तथा हजारों की संख्या में जुटने वाली संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

