श्रद्धापूर्वक मनाया अर्जुनदेव महाराज का शहीदी पर्व
जोधपुर, 18 जून (हि.स.)। सिख, पंजाबी और सिंधी समाज की ओर से पातशाही साहिब गुरु अर्जुनदेव का शहीदी दिवस गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। शहीदी पर्व के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सेवादार सरदार दर्शन सिंह लोटे एवं सचिव सरदार कुलदीप सिंह सलूजा ने बताया कि सिंधी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब एवं गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार पावटा व अन्य गुरुद्वारों में धन-धन पांचवी पातशाही साहिब गुरु अर्जुन देव महाराज का शहीदी दिहाड़ा (शहीदी दिवस) श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसरों में विभिन्न धार्मिक समागमों का आयोजन किया गया। समाज प्रवक्ता एवं गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादर साहब के प्रधान सेवादार सरदार जितेंद्र सिंह बत्रा ने बताया कि शहीदी पर्व के मुख्य समागम के तहत गुरुवार को गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब, सिंधी कॉलोनी में विशेष धार्मिक दीवान सजाया गया।
इस दौरान सुबह दस बजे अखंड पाठ साहिब की समाप्ति हुई। इसके पश्चात दोपहर में पुन: विशेष कीर्तन दीवान सजाया गया, जिसमें दिल्ली से विशेष रूप से आमंत्रित कीर्तनकार बीबी जलमीन कौर द्वारा महान गुरबाणी कीर्तन का गायन कर संगत को निहाल किया गया। उन्होंने गुरु महिमा का गुणगान किया।
वहीं सरदारपुरा स्थित सिंधी गुरु संगत दरबार में भी पांचवे गुरु अर्जुन सिंह का 420वां शहीदी पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया जिसमें सुखमणि साहब का पाठ भावना हीरानंदानी, मुस्कान रामचंदानी, लता बुधवानी व समस्त महिला मंडल द्वारा 40 दिनों तक वाचन किया गया।
गुरुवार को भगत राम भल्ला के सानिध्य में कार्यक्रम समाप्ति पर गुरु प्रेमियों व श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सभी के लिए सुख शांति की विशेष अरदास की गई। दरबार अध्यक्ष मुरली गंगवानी, लक्ष्मण खेतानी, महेश खेतानी, प्रभु ठारवानी, लखपत धनकानी, गोपी जनवानी, किशोर चंगलानी, राजू संभवानी, भरत आवतानी, राम गुरनानी, रमेश जानयानी व समस्त कार्यकरणी ने गुरु अर्जन देव सिंह को श्रद्धा पूर्वक याद करते हुए उन्हें नमन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

