कालबेलिया नृत्य से सजेगा गुलाबो पद्मश्री महोत्सव
जयपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। गुलाबो सपेरा नृत्य एवं संगीत संस्थान की ओर से ‘गुलाबो पद्मश्री महोत्सव-2026’ के तहत ‘लोक कला रत्न सम्मान सीजन-3’ का आयोजन एक अक्टूबर को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में होगा। गणगौर टेलीविजन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला समारोह सुबह 10:30 से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। पद्मश्री गुलाबो सपेरा की पहल पर आयोजित समारोह में इस वर्ष 51 लोक कलाकारों को ‘लोक कला रत्न सम्मान’ तथा लोक कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान देने वाले सात विशिष्ट कलाकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किए जाएंगे।
गुलाबो सपेरा ने बताया कि पद्मश्री सम्मान मिलने के बाद से वे लोक कलाकारों के साथ इस खुशी को साझा करने के साथ प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच और पहचान देने का प्रयास कर रही हैं। समारोह का उद्देश्य उन कलाकारों को प्रोत्साहित करना है, जिन्होंने देश-विदेश में भारतीय लोक संस्कृति और परंपराओं को पहुंचाने में योगदान दिया है, लेकिन उन्हें पर्याप्त अवसर और पहचान नहीं मिल पाई।
कालबेलिया नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण: समारोह में गुलाबो सपेरा अपने दल के साथ विशेष कालबेलिया लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगी। पेरिस, फ्रांस से आने वाले कलाकार टीटी रॉबिन तथा डीनू बंजारा और उनका समूह भी प्रस्तुतियां देंगे। पारंपरिक लोक वाद्य बीन वादन विशेष आकर्षण रहेगा। इसके अलावा कालबेलिया फैशन शो और भारतीय लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित विशेष सांस्कृतिक फैशन शो आयोजित होगा। इसका उद्देश्य लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देना है।
‘लोक कला रत्न सम्मान’ को केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रखते हुए लोक कलाकारों को प्रोत्साहन, पहचान और मंच देने की पहल के रूप में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के माध्यम से लोक कलाओं के संरक्षण एवं प्रोत्साहन तथा सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

