गुजरात के विद्यार्थियों ने देखा क्रॉप कैफेटेरिया व वैज्ञानिक अनुसंधान

WhatsApp Channel Join Now
गुजरात के विद्यार्थियों ने देखा क्रॉप कैफेटेरिया व वैज्ञानिक अनुसंधान


आनंद कृषि विवि गुजरात के विद्यार्थियों ने कृषि विवि जोधपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया

जोधपुर, 07 मार्च (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय में शनिवार को आनंद कृषि विश्वविद्यालय गुजरात के विद्यार्थियों ने प्रदेश की कृषि में हो रहे नवाचारों को जानने के लिए शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर की ओर से कैंपस इंचार्ज व एसोसिएट प्रोफेसर, डॉ. अशोक कुमार मीणा ने 65 विद्यार्थियों के दल का मार्गदर्शन किया।

डॉ. मीणा ने बताया कि विश्वविद्यालय के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न वैज्ञानिकों की ओर से लगाए गए वैज्ञानिक ट्रायल मशरूम उत्पादन इकाई, मिलेट्स एक्सीलेंस सेंटर, जय गोपाल केंचुआ सहित खाद उत्पादन इकाई, नर्सरी, क्रॉप कैफेटेरिया, बीज प्रसंस्करण एवं ग्रेडिंग इकाई, किसान कौशल विकास केंद्र, डॉ. बीआर चौधरी, कृषि अनुसंधान केंद्र सहित अन्य इकाइयों का भ्रमण करवाया गया।

इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वीएस जैतावत ने कहा कि कृषि प्रधान देश होने के नाते देश के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को विविध जलवायु क्षेत्रों की कृषि का ज्ञान होना अत्यधिक आवश्यक है। इस मौके पर निदेशक अनुसंधान, डॉ. एमएम सुंदरिया व क्षेत्रीय निदेशक अनुसंधान, डॉ. एमएल मेहरिया ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। आनंद, कृषि विश्वविद्यालय गुजरात की ओर से भ्रमण दल का नेतृत्व डॉ. एनवी सोनी, डॉ. आरडी शिंदे व डॉ. पूजा नायक ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story