ग्रुप कमांडर ने किया एनसीसी शिविर का निरीक्षण
जोधपुर, 02 नवम्बर (हि.स.)। 3 राजस्थान गल्र्स बटालियन एनसीसी जोधपुर के तत्वावधान में मयूर इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुड़ी भगतासनी में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण सह प्री-आरडीसी-3 शिविर में जोधपुर ग्रुप कमांडर कर्नल जितेंद्र सिंह राठौड ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आरडीसी-2027 के लिए जोधपुर ग्रुप की टीम में कर्तव्य पथ परेड, पीएम रैली, गार्ड ऑफ ऑनर, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं बेस्ट कैडेट प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे कैडेट्स से रूबरू होकर उनकी तैयारियों का जायजा लिया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कैडेट्स को पूर्ण समर्पण, आत्मविश्वास एवं अनुशासन के साथ अभ्यास जारी रखने और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जोधपुर ग्रुप एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में आर्मी रिक्रूटमेंट डायरेक्टर कर्नल राजीव सिंह द्वारा विशेष संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने कैडेट्स को भारतीय सेना में भर्ती की प्रक्रिया, विभिन्न प्रवेश योजनाओं, पात्रता मानदंड एवं उपलब्ध करियर अवसरों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को सेना में करियर बनाने के लिए आवश्यक शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और निरंतर तैयारी के महत्व से अवगत कराया तथा कैडेट्स की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। शिविर के दौरान पोस्टर मेकिंग, एक्सटेम्पोर, वाद-विवाद, समूह गान एवं समूह नृत्य जैसी विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ टीम भावना, अभिव्यक्ति कौशल एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिला। इसके अतिरिक्त मिस आकांक्षा द्वारा लैंगिक समानता एवं जेंडर सेंसिटिविटी विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
उन्होंने कैडेट्स को महिला एवं पुरुष के समान अधिकारों, आपसी सम्मान, समान अवसर तथा समाज में भेदभाव रहित सोच विकसित करने के महत्व से अवगत कराया। यह दस दिवसीय शिविर कैंप कमांडेंट कर्नल नितिन हंस के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। उनके निर्देशन में कैडेट्स को नियमित शारीरिक प्रशिक्षण, सैन्य अभ्यास, प्रतियोगिताओं एवं विभिन्न विशेषज्ञ सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

