बढ़ी हुई जनसंख्या के आधार पर मिलेगा अनुदान

WhatsApp Channel Join Now
बढ़ी हुई जनसंख्या के आधार पर मिलेगा अनुदान


जयपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश के जिन नगरीय निकायों की सीमा और जनसंख्या में वृद्धि हुई है, उन्हें राज्य सरकार द्वारा बढ़ी हुई जनसंख्या के आधार पर ही अनुदान प्रदान किया जाएगा।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक कुलदीप द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के उत्तर में मंत्री खर्रा ने बताया कि नगरपालिकाओं की श्रेणी उन्नयन और नगर परिषद में क्रमोन्नयन के लिए अलग-अलग प्रावधान निर्धारित हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका पावटा-प्रागपुरा को ‘बी’ श्रेणी में क्रमोन्नत करने के लिए परीक्षण कराया जाएगा और यदि निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पाया गया तो क्रमोन्नयन पर विचार किया जाएगा।

इससे पहले विधायक कुलदीप के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में मंत्री ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका पावटा-प्रागपुरा को नगर परिषद में क्रमोन्नत करने का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story