ढाई करोड़ की लागत से बनेगा थामला का भव्य सरकारी स्कूल

WhatsApp Channel Join Now
ढाई करोड़ की लागत से बनेगा थामला का भव्य सरकारी स्कूल


उदयपुर, 14 नवम्बर (हि.स.)। शिक्षा के मंदिर को संवारने और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से थामला गांव को एक बड़ी ऐतिहासिक सौगात मिली है। गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का अब नए सिरे से भव्य निर्माण करवाया जाएगा। समाजसेवी और भामाशाह सेठ गणपत सोनी की ओर से इस पुनीत कार्य का बीड़ा उठाया गया है, जिस पर करीब 2 से 2.5 करोड़ रुपये की लागत आएगी। शनिवार को विद्यालय परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ इस नवीन भवन निर्माण का भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में क्षेत्रीय विधायक पुष्करलाल डांगी, प्रधान नरेंद्र चण्डालिया और मावली सीबीईओ प्रेरणा नौसालिया सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों और भामाशाह ने संयुक्त रूप से निर्माण कार्य की नींव रखी। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने 'शिक्षित समाज-समृद्ध समाज' के संकल्प को साकार करने वाली इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर बताया।

नए और आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन के तैयार होने के बाद न केवल थामला, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के सैकड़ों विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा। सरकारी स्कूल के कायाकल्प की इस बड़ी घोषणा को लेकर स्थानीय ग्रामवासियों में भारी उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने भामाशाह सेठ गणपत सोनी के इस योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story