ग्रामोदय से राष्ट्रोदय भाजपा का संकल्प, हर पंचायत को मिलेंगे 5 करोड़ रुपए : मदन राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामोदय से राष्ट्रोदय भाजपा का संकल्प, हर पंचायत को मिलेंगे 5 करोड़ रुपए : मदन राठौड़


जयपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा ग्रामोदय से राष्ट्रोदय के संकल्प के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांवों और किसानों को प्राथमिकता देते हुए योजनाएं बनाई जा रही हैं, ताकि किसान खुशहाल हों और खेत-खलिहान समृद्ध बनें। भाजपा सरकारें किसान के बीज से लेकर बाजार तक की चिंता कर रही हैं।

राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल में नहरी तंत्र से 52,182 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित की गई, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने 34 माह में 1 लाख 42 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाई है। इसी तरह खेतों की तारबंदी के मामले में कांग्रेस सरकार के दौरान 113 लाख मीटर काम हुआ, जबकि भाजपा सरकार ने 445 लाख मीटर तारबंदी करवाई है।

राठौड़ ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने भी राजस्थान के किसानों और गांवों की समृद्धि के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी है। इनमें रामजल सेतु परियोजना, यमुना जल से शेखावाटी क्षेत्र को पानी उपलब्ध कराने की योजना और किसाऊ परियोजना शामिल हैं। इन प्रयासों से प्रदेश में सिंचाई और ग्रामीण विकास को गति मिलेगी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पंचायती राज चुनाव के संकल्प पत्र में किसानों को सालाना 12 हजार रुपए किसान सम्मान निधि देने, सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने और 10 लाख रोजगार देने का संकल्प लिया गया है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वयं सहायता समूहों को बैंकों से 10 हजार करोड़ रुपए का ऋण दिलाने, मातृ वंदन सहायता राशि 5 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रुपए करने तथा विधवा एवं परित्यक्ता पेंशन 1,500 रुपए करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे गांवों में विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769018 Articles

Share this story