ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ, गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ, गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी


ग्राम रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 13 विभागों की योजनाओं का होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

जोधपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ मंगलवार को पंचायत समिति लूणी से किया गया।

लूणी प्रधान वाटिका राजपुरोहित, जिला कलक्टर आलोक रंजन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर लूणी विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपत लाल सुथार, समाजसेवी अशोक पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं अभियान संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि ग्राम रथ अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं पशुपालकों को सशक्त बनाना तथा उन्हें राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से व्यापक रूप से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित यह अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल प्रधानमंत्री के सशक्त किसान, समृद्ध भारत के विजन को साकार करने की दिशा में प्रभावी माध्यम बनेगी तथा कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में नवाचार, जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देगी।

अभियान के तहत जोधपुर जिले की पांच ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों ओसियां, लूणी, भोपालगढ़, बिलाड़ा एवं शेरगढक़े 23 ब्लॉकों एवं 649 ग्राम पंचायतों में ग्राम रथ संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक रथ प्रतिदिन 4 से 5 स्थानों पर पहुंचकर ऑडियो-वीडियो माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा।

ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों एवं नवाचारों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक प्रचार सामग्री भी उपलब्ध करवाई गई है।

जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि 29 अप्रैल को लूणी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत समिति धवा की ग्राम पंचायत दईपड़ा खिचीयान, धवा, मेलबा, लूणावास खारा एवं चिचड़ली से ग्राम रथ रवाना किए जाएंगे। इसी क्रम में बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति मण्डोर की ग्राम पंचायत अकथली, बावरला एवं डांगियावास से भी रथ संचालित होंगे। भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति पीपाड़ की ग्राम पंचायत साथीन, खांगटा, रतकुडिय़ा, कागल, भूडाना एवं मलार से तथा ओसियां विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति बावड़ी की ग्राम पंचायत डांवरा, मानसागर, जैतियावास, नांदिया कला एवं हरढाणी से ग्राम रथ पहुंचेंगे। इसके अतिरिक्त शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति शेरगढ़ की ग्राम पंचायत हिम्मतपुरा, गुमानसिंहपुरा, रामनगर, नाहरसिंहनगर, तेना, गजेसिंहनगर, भूगंड़ा एवं सुवालिया से भी ग्राम रथ संचालित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story