मेहंदीपुर बालाजी धाम पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, विशेष पूजा-अर्चना कर देश की खुशहाली की कामना
दाैसा, 24 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल शुक्रवार को प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बालाजी महाराज के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और देश की उन्नति व समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
मंत्री गोयल ने मंदिर परिसर में स्थित भैरव बाबा और प्रेतराज सरकार के दरबार में भी श्रद्धा पूर्वक ढोक लगाई। इस दौरान मंदिर ट्रस्ट के स्वागत कक्ष में सचिव एमके माथुर ने उन्हें सिद्धपीठ के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में संचालित धार्मिक, शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
इसके पश्चात मंत्री को प्रसादी भेंट की गई।
इस अवसर पर गोयल ने कहा कि मेहंदीपुर बालाजी धाम में आकर उन्हें विशेष सुकून और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि बालाजी महाराज का आशीर्वाद उनके परिवार, कार्य और पूरे देश पर बना हुआ है। उन्होंने देश के उज्ज्वल भविष्य और नागरिकों के सुख-समृद्ध जीवन के लिए भगवान से प्रार्थना की।
उन्होंने विश्वास जताया कि देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और ईश्वर की कृपा से प्रत्येक भारतीय का जीवन बेहतर होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

