गोविंददेवजी मंदिर में देवउठनी एकादशी पर विशेष व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
गोविंददेवजी मंदिर में देवउठनी एकादशी पर विशेष व्यवस्था


जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। देवउठनी एकादशी पर गोविंददेवजी मंदिर में 21 नवंबर को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। इसके तहत भक्तों को दर्शन के बाद मंदिर परिसर में रुकने की अनुमति नहीं होगी। मंदिर में प्रवेश मुख्य द्वार से होगा, जबकि बाहर निकलने की व्यवस्था जय निवास बाग की ओर से रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जूते-चप्पल पहनकर और बिना जूते-चप्पल आने वालों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई जाएंगी।

महंत मानस गोस्वामी के अनुसार के अनुसार जूते-चप्पल पहनकर आने वाले श्रद्धालु मंदिर के बाहर बने रैंप से दर्शन कर सकेंगे, जबकि बिना जूते-चप्पल आने वाले भक्त मंदिर छावन में दर्शन करेंगे। सभी श्रद्धालुओं को दर्शन के बाद जय निवास बाग की ओर से बाहर निकाला जाएगा। जय निवास बाग की ओर से मंदिर में प्रवेश नहीं मिलेगा।

कंवर नगर और ब्रह्मपुरी की ओर से आने वाले श्रद्धालु जय निवास उद्यान और जनता मार्केट होते हुए मंदिर के मुख्य द्वार तक पहुंच सकेंगे। दर्शन के बाद भक्त मंदिर श्री चिंताहरण हनुमान जी की ओर से बाहर निकल सकेंगे। इस व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को करीब दो से तीन किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ सकता है। ऐसे में मंदिर प्रशासन ने भक्तों को साथ में पानी की बोतल रखने की सलाह दी है।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपने वाहन रामनिवास बाग पार्किंग या चौगान स्टेडियम पार्किंग में खड़े करने की अपील की है। साथ ही जूते-चप्पल और हेलमेट अपने वाहनों में ही रखने को कहा है। हृदय रोग, मधुमेह, ब्लड प्रेशर और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को भीड़ के दौरान मंदिर नहीं आने की सलाह दी गई है।

श्रद्धालुओं से बैग, थैले, महिलाओं के पर्स और कीमती आभूषण पहनकर नहीं आने की अपील भी की गई है। मंदिर परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस सामान दिखाई देने पर तत्काल मंदिर प्रशासन या पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया है।

सूर्यसिद्धान्तीय पंचांग जयादित्य पंचांग के अनुसार 19 नवंबर को देर रात 2 बजकर 3 मिनट पर दशमी तिथि समाप्त होकर एकादशी शुरू होगी। सूर्योदय के समय दशमी तिथि नहीं होने के कारण एकादशी का व्रत 20 नवंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा। इसी दिन तुलसी विवाह भी होगा।

देवउठनी एकादशी पर भगवान श्रीहरि को योगनिद्रा से जगाने की परंपरा है। इस अवसर पर रात में भगवान का अभिषेक कर स्तुति की जाती है। गोविंददेवजी मंदिर में 21 नवंबर को विशेष दर्शन होंगे। एकादशी पूजन सुबह 6:15 बजे से होगा। इस दौरान ठाकुर श्रीजी के दर्शन के पट बंद रहेंगे। 22 नवंबर से मंदिर में प्रतिदिन निर्धारित समय के अनुसार दर्शन होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story