राज्यपाल ने लोक भवन से की डिजिटल जनगणना अभियान की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने लोक भवन से की डिजिटल जनगणना अभियान की शुरुआत


जयपुर, 01 मई (हि.स.)। राजस्थान में जनगणना-2027 की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ शुक्रवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने लोक भवन में स्व-गणना के माध्यम से किया। इसके साथ ही प्रदेशभर में जनगणना गतिविधियों के प्रथम चरण की आधिकारिक शुरुआत हो गई।

राज्यपाल ने स्वयं डिजिटल पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी निभाई और नागरिकों को भी स्व-गणना के जरिए जनगणना प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी देश के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने नागरिकों से स्व-गणना के माध्यम से सटीक, पूर्ण एवं सही जानकारी प्रदान करने का आग्रह किया।

राज्यपाल ने कहा कि भारत सरकार द्वारा तैयार किया गया जनगणना वेब पोर्टल सरल, सुरक्षित और उपयोगकर्ता अनुकूल है, जिससे आमजन बिना किसी कठिनाई के अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग में अन्य लोगों की सहायता करें, ताकि कोई भी व्यक्ति इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि “जनगणना-2027” के इस पवित्र कार्य में जनसहभागिता ही राष्ट्र के विकास में जनता की प्रत्यक्ष भागीदारी है। साथ ही उन्होंने लोगों से गणनाकर्मियों का सहयोग करने, सही जानकारी देने तथा किसी भी शंका की स्थिति में हेल्पलाइन से संपर्क करने का आह्वान किया।

जनगणना निदेशक विष्णुचरण मलिक ने बताया कि 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिक वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके बाद घर-घर जाकर जनगणना सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। नागरिक अपने मोबाइल नंबर और आवश्यक विवरण के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल पर लॉग इन कर अपने परिवार की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें डेटा संग्रह आधुनिक डिजिटल उपकरणों और सुरक्षित ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। यह पहल डिजिटल भारत और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story