जोधपुर आए राज्यपाल की तबीयत खराब : डॉक्टरों ने दी आराम करने की सलाह

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर आए राज्यपाल की तबीयत खराब : डॉक्टरों ने दी आराम करने की सलाह


जोधपुर, 19 मार्च (हि.स.)। दो दिवसीय दौरे पर जोधपुर आए राज्यपाल व कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे आज तबीयत खराब हो गई। एमबीएम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होकर लौटते समय उनकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद डॉक्टरों की टीम सर्किट हाउस पहुंची। उनके स्वास्थ्य की जांच की और आराम करने की सलाह दी। फिलहाल राज्यपाल सर्किट हाउस में आराम कर रहे हैं।

दरअसल राज्यपाल गुरूवार की सुबह एमबीएम विश्वविद्यालय में होने वाले दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए जोधपुर पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर उनका गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, पुलिस आयुक्त शरत कविराज सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

सुबह करीब 11 बजे वह दीक्षांत समारोह में भाग लेने एमबीएम विश्वविद्यालय पहुंचे थे। वहां से करीब दोपहर एक बजे समारोह समाप्त होने के बाद सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए। इस दौरान रास्ते में उनकी तबीयत थोड़ी नासाज हुई। जी मिचलाने लगा। उन्हें उल्टी आने जैसा महसूस हुआ।

सर्किट हाउस पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने उनका हेल्थ चैकअप किया। इसके बाद उन्होंने हल्का भोजन किया। फिलहाल राज्यपाल सर्किट हाउस में आराम कर रहे हैं। राज्यपाल की तबीयत नासाज होने के चलते जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी, एसीपी ईस्ट प्रतीक सिंह सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story