बाल विवाह पर रोक के लिए सरकार सख्त: जागरूकता वैन और बीवीएमआर पोर्टल का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
बाल विवाह पर रोक के लिए सरकार सख्त: जागरूकता वैन और बीवीएमआर पोर्टल का शुभारंभ


जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने और संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित बाल विवाह एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भगत सिंह मेहता सभागार, एचसीएम रीपा परिसर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के इस अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता मंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ संघर्ष कर अपने जीवन को नई दिशा देने वाली साहसी बालिकाओं को सम्मानित किया गया।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि बाल विवाह की कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के लिए अभियान को जन-आंदोलन बनाना होगा। अब केवल भाषणों की नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है। इसकी शुरुआत सरकार के साथ-साथ बेटियों ने भी कर दी है। यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों और बेटों के सम्मान, अधिकार तथा राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं ने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास से साबित किया है कि उचित अवसर, शिक्षा और सहयोग मिलने पर हर बेटी अपने सपनों को साकार कर सकती है। प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की पहल से यह विषय राष्ट्रव्यापी आंदोलन बना है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। जिस तरह 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान को सफल बनाया गया, उसी तरह 'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान को भी जनभागीदारी से सफल बनाना होगा।

दिया कुमारी ने बाल विवाह को दंडनीय अपराध बताते हुए कहा कि सामाजिक पाबंदियों के कारण कई बार बेटियां अपनी आवाज नहीं उठा पातीं। ऐसे में बाल विवाह की सूचना मिलने पर तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क करना चाहिए। यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को इस अभियान का चैंपियन और ब्रांड एंबेसडर बनना होगा। शादी जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है। यह उम्र पढ़ने-लिखने और विकसित भारत-विकसित राजस्थान के निर्माण में योगदान देने की है। हर पंचायत, गांव और ढाणी को बाल विवाह मुक्त बनाना होगा।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने जागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वैन के माध्यम से 'बचपन बचाएंगे, बाल विवाह मिटाएंगे' का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर बीवीएमआर पोर्टल और सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री का विमोचन किया गया। अभियान के थीम गीत 'बचपन को मिले उड़ान, बाल विवाह मुक्त राजस्थान' के माध्यम से भी जागरूकता का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story