स्कूलों के दरवाजे बंद कर पारदर्शिता से भाग रही भाजपा सरकार: गहलोत

WhatsApp Channel Join Now
स्कूलों के दरवाजे बंद कर पारदर्शिता से भाग रही भाजपा सरकार: गहलोत


जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान के सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश और मीडिया रिपोर्टिंग को लेकर जारी नए दिशा-निर्देशों पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। गहलोत ने कहा कि भाजपा शासन में सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति किसी से छुपी नहीं है। स्कूलों में कहीं टूटी छतें हैं तो कहीं बारिश के दौरान कक्षाएं टपकती हैं, वहीं शिक्षकों के हजारों पद रिक्त पड़े हैं।

गहलोत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सरकार को इन कमियों को दूर करने की दिशा में काम करना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय ऐसा फरमान जारी किया गया है, जिसके तहत प्रधानाचार्य की अनुमति के बिना बाहरी व्यक्ति स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से स्कूलों की स्थिति की तस्वीरें और वीडियो बनाने तथा मीडिया रिपोर्टिंग पर भी रोक जैसी स्थिति पैदा हो रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जो सरकार अपने ही सरकारी स्कूलों की हकीकत से डरकर उनमें सुधार करने के बजाय पारदर्शिता के रास्ते बंद कर रही है, वह शिक्षा व्यवस्था का भला नहीं कर सकती। उन्होंने भाजपा सरकार से तत्काल इस आदेश को वापस लेने और सरकारी स्कूलों की वास्तविक स्थिति को सामने आने देने की मांग की।

गहलोत ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि सरकार को पारदर्शिता से भागने के बजाय स्कूलों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि यह आदेश वापस नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में जनता स्वयं आगे आकर सरकारी स्कूलों की सच्चाई सामने लाने का अभियान चलाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story