जेडीए ने विभिन्न जोनों में कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाए, अवैध निर्माण पर की सीलिंग

WhatsApp Channel Join Now
जेडीए ने विभिन्न जोनों में कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाए, अवैध निर्माण पर की सीलिंग


जयपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)।

जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध अतिक्रमण एवं निर्माणों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रवर्तन शाखा द्वारा बुधवार को विभिन्न जोनों में प्रवर्तन संबंधी कार्रवाईयां की गईं।

उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि प्रवर्तन प्रकोष्ठ द्वारा जोन-17 में अवस्थित ग्राम दौलतपुरा बैनाड़, जिला जयपुर के खसरा नं. 717 व 718 में करीब 1.5 बीघा बेशकीमती सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई बाउंड्रीवाल, निर्माणाधीन ढांचा एवं अन्य अवैध निर्माणों को चिन्हित किया गया। अवैध निर्माण हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। साथ ही जेडीए स्वामित्व के बोर्ड स्थापित किए गए। उक्त अतिक्रमण मुक्त भूमि की अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई है।

प्रवर्तन प्रकोष्ठ द्वारा जोन-07 में अवस्थित विधानसभा नगर धाबास में करीब 500 वर्गगज सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर पेड़-पौधे लगाकर गार्डन विकसित किया गया था तथा पत्थर, मलबा एवं अन्य सामग्री डालकर कब्जा किया गया था। अतिक्रमण हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। साथ ही जेडीए स्वामित्व के बोर्ड लगाए गए। उक्त भूमि की अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये है।

प्रवर्तन प्रकोष्ठ द्वारा जोन-24 के क्षेत्राधिकार में अवस्थित ग्राम बस्सी रीको एरिया के पास जय अम्बे प्रथम कॉलोनी के प्लॉट नं. 28 में व्यावसायिक प्रयोजनार्थ निर्मित अवैध फैक्ट्री के विरुद्ध कार्रवाई की गई। निर्माणकर्ता को पूर्व में जेडीए एक्ट की धारा 32 एवं 33 के तहत नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने हेतु पाबंद किया गया था, किंतु निर्माणकर्ता द्वारा अनुपालन नहीं करने पर सक्षम स्तर से स्वीकृति प्राप्त कर धारा 34(क) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन अधिकारियों (जोन-24, 10, 13 एवं 08) की मौजूदगी में 29.04.2026 को उक्त अवैध निर्माण के प्रवेश द्वारों को अभियांत्रिकी शाखा के सहयोग से ताला-सील कर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई। जेडीए द्वारा इस कार्रवाई में हुए लगभग 1 लाख रुपये व्यय की वसूली संबंधित से की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story