त्योहारों में मिलावट पर सरकार सख्त, जोखिम वाले खाद्य पदार्थों की होगी विशेष जांच

WhatsApp Channel Join Now
त्योहारों में मिलावट पर सरकार सख्त, जोखिम वाले खाद्य पदार्थों की होगी विशेष जांच


जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। त्योहारों का मौसम शुरू होते ही मिठाइयों और खाद्य सामग्री में मिलावट करने वालों पर सरकार ने शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। आमजन की थाली तक पहुंचने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता तय करने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मैदान में सक्रिय रहने और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही बाजार में बिना चिकित्सकीय पर्ची के बिकने वाली दवाओं की गुणवत्ता पर भी विभाग की नजर रहेगी।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान जिन खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका अधिक रहती है, उनकी विशेष निगरानी की जाए। जोखिम वाले खाद्य पदार्थों और क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां नियमित जांच और प्रभावी नमूना संग्रह किया जाए।

उन्होंने कहा कि केवल नमूने लेने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहनी चाहिए। नमूनों की जांच निर्धारित समय में पूरी हो और यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या असुरक्षा सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति अथवा प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए। इससे मिलावटखोरों को यह स्पष्ट संदेश जाएगा कि त्योहारों की आड़ में लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

खाद्य पदार्थों के साथ-साथ दवाओं की गुणवत्ता को लेकर भी विभाग ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बाजार में बिना डॉक्टर की पर्ची के मिलने वाली ओटीसी दवाओं की नियमित सैंपलिंग की जाएगी। जांच में कोई दवा निर्धारित गुणवत्ता के मानकों पर खरी नहीं उतरती है तो संबंधित पक्ष की जिम्मेदारी तय कर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अधिकारियों को खाद्य एवं औषधि सुरक्षा से जुड़े मामलों की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। नमूना लेने, जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने, कानूनी कार्रवाई करने और न्यायालय में मामलों की पैरवी तक प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाएगी। लंबित मामलों में आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य समय पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि मामलों का जल्द निस्तारण हो सके।

सरकार अब मिलावट और दवाओं के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर सोशल मीडिया के जरिए भी आमजन को जागरूक करेगी। लोगों को मिलावटी खाद्य सामग्री की पहचान, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और उपयोग के साथ दवाएं खरीदते समय लेबल, मात्रा और उपयोग अवधि जांचने की जानकारी दी जाएगी। एक्सपायर्ड या संदिग्ध दवाओं का इस्तेमाल नहीं करने तथा जरूरत पड़ने पर चिकित्सक या फार्मासिस्ट की सलाह लेने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला, अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह, औषधि नियंत्रक अजय पाठक, संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story