सरकार निकाय-पंचायत चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार: गहलोत

WhatsApp Channel Join Now
सरकार निकाय-पंचायत चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार: गहलोत


जोधपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि राजस्थान सरकार निकाय और पंचायत चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के ट्रिपल टेस्ट संबंधी निर्देशों की पालना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सरकार ने ओबीसी आयोग का गठन किया है, जो प्रदेशभर में सर्वे कर रहा है। आयोग की रिपोर्ट आने के बाद ओबीसी आरक्षण तय किया जाएगा और उसके बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2026 के भीतर ही निकाय चुनाव संपन्न करा दिए जाएंगे। यह बात उन्होंने जोधपुर प्रवास के दौरान कही।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ओबीसी वर्ग के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए बिना ओबीसी आयोग की रिपोर्ट का इंतजार किए चुनाव कराने की मांग कर रही है, जबकि राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप ओबीसी समाज को उसका उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विभागीय कार्यों की जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग प्रदेश के सबसे बड़े विभागों में शामिल है और इसका वार्षिक बजट करीब 20 हजार करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि विभाग अपने बजट का लगभग 95 प्रतिशत हिस्सा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, छात्रवृत्ति, छात्रावास, आर्थिक सहायता और अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च करता है, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सकें। एनजीओ के संचालन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि विभाग से अनुदान प्राप्त करने वाली संस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाती है। किसी भी संस्था को मान्यता देने से पहले उसकी ऑडिट रिपोर्ट और अन्य मानकों की जांच की जाती है। यदि किसी भी प्रकार की शिकायत सामने आती है, तो तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

इससे पहले सर्किट हाउस पहुंचने पर नवपदस्थापित संयुक्त निदेशक बजरंग सारस्वत के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं, छात्रावासों और विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री ने छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने, नियमित निरीक्षण और व्यवस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग से जुड़े सभी कार्यालयों, छात्रावासों और भवनों में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के चित्र लगाने, विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग, राष्ट्रगान एवं अन्य राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम कराने और महापुरुषों के जीवन और उनके विचारों से विद्यार्थियों को प्रेरित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story