राज्यपाल ने केंद्रीय मंत्री से की समसामयिक विषयों पर चर्चा
जोधपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे शनिवार को अपने जोधपुर प्रवास के दूसरे दिन केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने राज्यपाल का परिवार सहित आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में दोनों के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने राज्यपाल बागडे को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। इससे पहले जोधपुर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल एवं डीसीपी पूर्व पी. डी. नित्या ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने अधिकारियों से जिले के प्रशासनिक कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने राज्यपाल को जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
वहीं जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय पेंशनर्स सोसाइटी कार्यकारिणी के पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष प्रोफेसर राम निवास शर्मा के नेतृत्व में राज्यपाल के जोधपुर प्रवास के दौरान मुलाकात कर राजस्थान राज्य के राज्य वित्त पोषित विश्वविद्यालयों में पेंशन के स्थाई समाधान के लिए निवेदन किया।
प्रतिनिधि मंडल ने यह भी निवेदन किया कि राज्य सरकार कॉलेज शिक्षा निदेशालय की भांति विश्वविद्यालय के कार्मिक शिक्षकों को पेंशन का भुगतान राजकीय कोषालय ट्रेजरी से करे तथा राज्य सरकार द्वारा विश्वविद्यालय को दिए जा रहे अनुदान राशि में वृद्धि की जाए।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीने से पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है। वार्ता के दौरान पेंशनर सोसाइटी के अध्यक्ष प्रोफेसर रामनिवास शर्मा, प्रोफेसर कैलाश नाथ व्यास, प्रोफेसर सुखबीर सिंह बैंस, अशोक व्यास तथा डा लोकेंद्र सिंह शक्तावत मौजूद रहे।
राज्यपाल ने इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उन्होंने मुख्यमंत्री, संबंधित मंत्री तथा प्रशासनिक अधिकारियों से इस संदर्भ में वार्ता की है तथा इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए वह प्रयासरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

