गोपाष्टमी पर जयपुर में राष्ट्रस्तरीय गौ पूजन समारोह:  राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े होंगे मुख्य अतिथि

WhatsApp Channel Join Now
गोपाष्टमी पर जयपुर में राष्ट्रस्तरीय गौ पूजन समारोह:  राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े होंगे मुख्य अतिथि


जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के तत्वावधान में मंगलवार जयपुर के श्री पिंजरापोल गौशाला परिसर स्थित सनराइज ऑर्गेनिक पार्क एवं वैदिक औषधीय पादप केंद्र में राष्ट्रस्तरीय गोपाष्टमी महोत्सव, गौ पूजन तथा श्री कालभैरव पूजन-अर्चन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े को समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जबकि पूर्व प्रशासनिक अधिकारी पवन अरोड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं।

अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि समारोह का प्रमुख उद्देश्य गौसंरक्षण, प्राकृतिक खेती, रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने तथा गौशालाओं को आत्मनिर्भर आर्थिक इकाइयों के रूप में विकसित करने के राष्ट्रीय अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने के संदेश को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि व्यवस्था में गौवंश का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। देसी गाय के गोबर एवं गोमूत्र से तैयार कृषि आदान प्राकृतिक खेती में उपयोगी भूमिका निभा सकते हैं। इनके वैज्ञानिक एवं संतुलित उपयोग से मिट्टी की जैविक सक्रियता बढ़ाने, कृषि अवशेषों के पुनर्चक्रण और पर्यावरण अनुकूल खेती को प्रोत्साहन मिल सकता है। कार्यक्रम में किसानों को गौसंरक्षण और प्राकृतिक खेती को एक-दूसरे से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि देश की गौशालाओं को केवल गौवंश संरक्षण तक सीमित रखने के बजाय आत्मनिर्भर आर्थिक इकाइयों के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। गौशालाओं में उपलब्ध गोबर से वैज्ञानिक विधि द्वारा जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट, घनजीवामृत और अन्य कृषि उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। गौ-आधारित उत्पादों के प्रसंस्करण, गुणवत्ता परीक्षण, पैकेजिंग और विपणन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं। परिषद का उद्देश्य गौशालाओं, किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और कृषि उद्यमियों को साझा मंच पर लाकर गौवंश संरक्षण के साथ जैविक एवं प्राकृतिक खेती को व्यावहारिक रूप से बढ़ावा देना है।

समारोह में गौशालाओं से प्राप्त गोबर के वैज्ञानिक प्रसंस्करण, गुणवत्तापूर्ण जैविक खाद के उत्पादन तथा किसानों तक इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार गौशालाओं में उपलब्ध संसाधनों का योजनाबद्ध उपयोग करने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है और किसानों को स्थानीय स्तर पर कृषि उपयोगी जैविक उत्पाद उपलब्ध हो सकते हैं। इस दौरान मिट्टी की उर्वरता, जैविक कार्बन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, कृषि लागत में संभावित कमी और किसानों की आय बढ़ाने के व्यावहारिक उपायों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि भारतीय संस्कृति में गौमाता श्रद्धा एवं आस्था का प्रतीक होने के साथ कृषि और ग्रामीण जीवन का भी महत्वपूर्ण आधार रही हैं। गौवंश संरक्षण, जैविक खाद उत्पादन, प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संरक्षण को एकीकृत रूप से अपनाकर ग्रामीण विकास के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।

इस अवसर पर मोनिका गुप्ता ने कहा कि गौसेवा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ महिलाओं एवं युवाओं को गौ-आधारित स्वरोजगार, जैविक उत्पाद निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों से जोड़ना आवश्यक है।

गोपाष्टमी महोत्सव के तहत गौमाता का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन किया जाएगा। भगवान श्री कालभैरव का विशेष पूजन भी आयोजित होगा। इस दौरान गौभक्त गौसेवा, गौसंरक्षण, प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और सनातन संस्कृति के संवर्धन का सामूहिक संकल्प लेंगे। आयोजकों के अनुसार धार्मिक आस्था के साथ समाज को गौवंश संरक्षण और कृषि क्षेत्र में उसके उपयोग के प्रति जागरूक करना भी कार्यक्रम का उद्देश्य है।

परिषद के सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक मुकेश भारद्वाज ने बताया कि महोत्सव के माध्यम से गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने, किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने और गौसेवा के प्रति जनजागरण का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण आधार रही हैं। आवश्यकता है कि गौसंरक्षण को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों और ग्रामीण विकास से जोड़ते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से समारोह में भागीदारी की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story