गोयनका संगम-2026: फतेहपुर शेखावाटी में जुटेंगे देश-विदेश के 600 सदस्य

WhatsApp Channel Join Now
गोयनका संगम-2026: फतेहपुर शेखावाटी में जुटेंगे देश-विदेश के 600 सदस्य


गोयनका संगम-2026: फतेहपुर शेखावाटी में जुटेंगे देश-विदेश के 600 सदस्य


सीकर, 11 अगस्त (हि.स.)। महानगरों और दुनिया के अलग-अलग देशों में कारोबार की ऊंचाइयां छू रहे गोयनका परिवारों के लिए सितंबर में अपनी जड़ों की ओर लौटने का खास मौका होगा। राजस्थान के फतेहपुर शेखावाटी में ‘गोयनका संगम-2026’ का आयोजन होगा, जिसमें देश-विदेश से करीब 600 लोग परिवार सहित पांच दिन तक अपने पूर्वजों की धरती पर रहेंगे। इस दौरान कुलदेवी बीरा बरजी दादी के मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ मातृभूमि, पारिवारिक विरासत और मारवाड़ी संस्कृति से जुड़ने का सिलसिला चलेगा।

श्री शक्ति गोयनका ट्रस्ट कोलकाता के तत्वावधान में यह आयोजन सात से 11 सितंबर तक होगा। पांच दिवसीय कार्यक्रम में पूर्वजों की आत्मा की शांति तथा नई पीढ़ी की खुशहाली और प्रगति के लिए प्रार्थना के साथ शेखावाटी की सांस्कृतिक परंपराओं को मौखिक कथाओं, सामुदायिक आयोजनों और मंदिर कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा। आयोजन में योग साधना, परिचय मिलन, संगोष्ठी, प्रेरणात्मक सत्र और धार्मिक प्रवचन भी होंगे।

ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी एवं इमामी समूह के प्रमोटर निदेशक सुशील कुमार गोयनका ने बताया कि संगम में देश-विदेश के प्रमुख कारोबारी परिवारों के सदस्य शामिल होंगे। इनमें आरपीजी समूह के चेयरमैन हर्ष गोयनका, आरपी-संजीव गोयनका समूह के चेयरमैन संजीव गोयनका, इंडियन एक्सप्रेस समूह के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक एवं संपादकीय निदेशक विवेक गोयनका, वेलस्पन वर्ल्ड के चेयरमैन बीके गोयनका, जी समूह के चेयरमैन सुभाष चन्द्रा, इमामी समूह के संयुक्त चेयरमैन आरएस गोयनका, जीडी गोयनका स्कूल के संस्थापक अंजनी कुमार गोयनका, गोल्डन गोयनका समूह के चेयरमैन गिरधारी लाल गोयनका और गोल्डी स्पाइसेज के निदेशक आकाश गोयनका सहित अन्य प्रमुख सदस्य शामिल होंगे।

गोयनका रिकग्निशन अवार्ड समिति के चेयरमैन अरुण कुमार गोयनका ने बताया कि 10 सितंबर को व्यापार, समाज सेवा, खेल, कला, विज्ञान, शिक्षा, साहित्य और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले गोयनका समुदाय के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र व्यक्ति स्वयं भी नामांकन कर सकते हैं। विजेताओं का चयन तीन सदस्यीय ज्यूरी करेगी और नामों की घोषणा सितंबर के पहले सप्ताह में की जाएगी।

समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि होंगे, जबकि नगरीय विकास, आवासन एवं स्थानीय निकाय राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा अध्यक्षता करेंगे। सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी समारोह में मौजूद रहेंगे। इसी रात कोटा की कृष्णा विजयवर्गीय द्वारा जागरण एवं ओढ़नी उत्सव आयोजित किया जाएगा। ट्रस्ट ने वर्ष 2019 में देश की प्रगति में योगदान देने वाले गोयनका परिवारों के सदस्यों को सम्मानित करने के लिए इन वार्षिक पुरस्कारों की शुरुआत की थी।

गोयनका संगम की धार्मिक गतिविधियों के तहत वृंदावन की कथावाचक साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती दीदी छह से आठ सितंबर तक तीन दिन प्रवचन देंगी। प्रवचनों में स्थानीय लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।

आयोजन में गोयनका समुदाय की नई पीढ़ी को पूर्वजों के इतिहास, परंपराओं, खान-पान, पहनावे और सामाजिक संस्कारों से परिचित कराने पर विशेष जोर रहेगा। गोयनका समुदाय का भारतीय उद्योग जगत में करीब तीन शताब्दियों से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समुदाय के परिवारों ने भारत के साथ अमेरिका, इंग्लैंड, जापान, दुबई और सिंगापुर सहित विभिन्न देशों में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों में योगदान दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story