जयपुर में ग्लोबल नर्सिंग समिट में 10 देशों के विशेषज्ञ साझा करेंगे तकनीकी अनुभव

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में ग्लोबल नर्सिंग समिट में 10 देशों के विशेषज्ञ साझा करेंगे तकनीकी अनुभव


जयपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। नर्सिंग शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में आधुनिक तकनीक एवं नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नर्सिंग टीचर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया और आरएच हेल्थकेयर के संयुक्त तत्वावधान में ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026 का आयोजन 5 और 6 सितंबर को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में होगा। सम्मेलन में भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ करीब 10 देशों के विशेषज्ञ, शिक्षाविद, शोधकर्ता और अस्पताल प्रशासक सहित लगभग 5 हजार नर्सिंग प्रोफेशनल्स संकर माध्यम से शामिल होंगे।

आयोजन समिति के संरक्षक मेघवाहन सिंह और आयोजन सचिव पुरुषोत्तम कुंभज ने बताया कि सम्मेलन में पीजीआई चंडीगढ़ नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुखपाल कौर, प्रोफेसर डॉ. ए. क्लेमेंट, डॉ. मंजू चुगानी और डॉ. अमनदीप कौर बाजिया सहित कई विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। मुख्य वक्ताओं में डॉ. विमला कपूर, भारत सरकार की नर्सिंग सलाहकार डॉ. दीपिका खाका, डॉ. हरदीप कौर, 2008 के आतंकी हमले की वास्तविक नायिका अंजली कुलथे और पद्मश्री सम्मानित नर्स शांति टेरेसा शामिल हैं। श्रीलंका, तुर्की और इंडोनेशिया के नर्सिंग विशेषज्ञ भी सम्मेलन में अपने अनुभव साझा करेंगे।

आयोजन सचिव पुरुषोत्तम कुंभज ने बताया कि समिट में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मानवाकार रोबोट, रोबोटिक डॉग, होलोग्राफिक डिस्प्ले, आभासी वास्तविकता और उच्च-विश्वसनीयता अनुकरण जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव कराया जाएगा। रोबोट के जरिए अतिथियों का स्वागत, सीपीआर और स्वास्थ्य शिक्षा का प्रदर्शन, चिकित्सा प्रश्नोत्तरी तथा तकनीकी प्रदर्शनी सम्मेलन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

पहले दिन पैनल चर्चा के साथ शोध पत्र और पोस्टर प्रस्तुतियां होंगी। दूसरे दिन अनुकरण आधारित प्रशिक्षण, विशेषज्ञ व्याख्यान, आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक की प्रदर्शनी और उत्कृष्ट नर्सिंग प्रोफेशनल्स का सम्मान किया जाएगा।

सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को इंडियन नर्सिंग काउंसिल और राजस्थान नर्सिंग काउंसिल की ओर से 10-10 सीएनई क्रेडिट घंटे प्रदान किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story