बालिकाओं ने समझी जनसंपर्क विभाग की कार्यप्रणाली

WhatsApp Channel Join Now
बालिकाओं ने समझी जनसंपर्क विभाग की कार्यप्रणाली


बीकानेर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। प्लान इंडिया के साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को लूणकरणसर क्षेत्र की ग्राम पंचायत कालू की ड्रॉपआउट बालिकाओं ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का भ्रमण किया। इस दौरान बालिकाओं को सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बालिका मनीषा को कुछ समय के लिए सांकेतिक रूप से जनसंपर्क अधिकारी की भूमिका निभाने का अवसर मिला।

मनीषा ने विभागीय कार्मिकों के साथ बैठक कर सरकारी योजनाओं की जानकारी अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के सुझाव दिए। उन्होंने मीडिया के माध्यम से योजनाओं के प्रचार-प्रसार को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरि शंकर आचार्य ने बताया कि जनसंपर्क विभाग समाचार पत्रों, टेलीविजन और सोशल मीडिया के माध्यम से सरकारी योजनाओं, नीतियों और जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाता है। उन्होंने बालिकाओं को समाचार लेखन, समाचार पत्रों के पंजीयन, राजस्थान सुजस और कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कामकाज के बारे में बताया।

सहायक जनसंपर्क अधिकारी निकिता भाटी ने जिला प्रशासन की वेबसाइट तथा इंस्टाग्राम, एक्स और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया माध्यमों की उपयोगिता समझाई।

कार्यक्रम में प्लान इंडिया के परियोजना समन्वयक ज्ञानेंद्र श्रीमाली, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह, वरिष्ठ सहायक परम नाथ सिद्ध, कनिष्ठ सहायक राकेश डुकिया और शिक्षिका हुल्लास नायक सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story