विधानसभा को बार-बार धमकी पर गहलोत का हमला, बोले- कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा को बार-बार धमकी पर गहलोत का हमला, बोले- कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल


जयपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान की कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि राज्य में जिस तरह से सुरक्षा व्यवस्था का मजाक बन रहा है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

गहलोत ने कहा कि राजस्थान विधानसभा को बार-बार बम से उड़ाने की धमकी मिलना कोई सामान्य घटना नहीं है। हाल ही में फिर से ऐसी धमकी मिलना इस बात का संकेत है कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं और उनके मन से कानून का डर खत्म हो चुका है।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री को भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं, जो बेहद चिंताजनक है। मुख्यमंत्री किसी एक दल के नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के होते हैं, ऐसे में उन्हें धमकी मिलना पूरे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

गहलोत ने कहा कि हाई कोर्ट, जिला कलेक्ट्रेट और अन्य सरकारी संस्थानों को मिल रही धमकियां आम जनता के मन में असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही हैं। जब विधानसभा और अदालत जैसे संवेदनशील स्थानों को खुलेआम निशाना बनाया जा रहा है, तो आम नागरिक की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब छह महीनों से इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इससे यह प्रतीत होता है कि सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क को तोड़ने में सफल नहीं हो पा रही हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने मांग की कि मुख्यमंत्री को इस पूरे मामले में तुरंत संज्ञान लेना चाहिए और पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश देकर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए, ताकि जनता के बीच सुरक्षा का विश्वास बहाल हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story