'बजट फाइल्स' : खेलो राजस्थान यूथ गेम्स पर गहलोत ने सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
'बजट फाइल्स' : खेलो राजस्थान यूथ गेम्स पर गहलोत ने सरकार को घेरा


जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की भाजपा सरकार को खेल और खिलाड़ियों के मुद्दे पर घेरते हुए अपनी वीडियो श्रृंखला 'बजट फाइल्स' का दूसरा मामला जारी किया है। इस बार उन्होंने सरकार की महत्वाकांक्षी बजट घोषणा 'खेलो राजस्थान यूथ गेम्स' को लेकर सवाल उठाए हैं। गहलोत ने बजट दस्तावेजों और सार्वजनिक खबरों का हवाला देते हुए पूछा कि दो बजट में दो बार 50-50 करोड़ रुपए खर्च करने की घोषणा के बावजूद प्रदेश में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन अब तक क्यों नहीं हुआ? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दो बजट में कुल 100 करोड़ रुपए की घोषणा तो कर दी, लेकिन खिलाड़ियों को मैदान उपलब्ध कराने में नाकाम रही।

गहलोत ने बताया कि जुलाई 2024 के बजट भाषण के पैरा संख्या 66 में 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स' की तर्ज पर ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर प्रतिवर्ष 'खेलो राजस्थान यूथ गेम्स' आयोजित कराने की घोषणा की गई थी। इसमें पारंपरिक खेलों को भी शामिल करने और हर साल 50 करोड़ रुपए खर्च करने की बात कही गई थी।

इसके बाद फरवरी 2026 के बजट भाषण के पैरा संख्या 79 में सरकार ने इसी घोषणा को दोबारा दोहराया। इस बार ग्राम पंचायत स्तर को भी प्रतियोगिताओं से जोड़ने की बात कही गई और फिर से 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया। इस तरह दो बजट में कुल 100 करोड़ रुपए की घोषणा हुई, लेकिन गहलोत के अनुसार प्रतियोगिताओं का आयोजन अब तक शुरू नहीं हो सका।

गहलोत ने मौजूदा सरकार के कार्यकाल की तुलना कांग्रेस सरकार के समय आयोजित राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक से की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान इन खेलों में 50 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था। इन आयोजनों से प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिला था। इसके विपरीत मौजूदा सरकार दो साल चार महीने बाद भी अपनी घोषित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित नहीं कर पाई है।

गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार घोषणा करने में कभी देर नहीं करती, लेकिन खेल कराने में दो साल चार महीने लगा दिए। उनकी सरकार के दौरान राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक में 50 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था। प्रदेश के खिलाड़ी मैदान में उतरने को तैयार थे, लेकिन मौजूदा सरकार कागजों में उलझी रही। एक ही घोषणा दो बार करके बजट की शोभा बढ़ाई गई, लेकिन खेल का मैदान सूना रहा। खिलाड़ियों के साथ यह मजाक नहीं तो और क्या है?

गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सामने तीन सवाल रखकर जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि जुलाई 2024 में घोषित 50 करोड़ रुपए में से अब तक कितनी राशि खर्च हुई और किस मद में खर्च की गई? हर साल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने की घोषणा के बावजूद पहले साल का आयोजन अब तक क्यों नहीं हो सका? दो साल चार महीने तक इंतजार करने वाले खिलाड़ियों को हुए नुकसान की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?

गहलोत ने अपनी वीडियो श्रृंखला के संदेश में भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि घोषणा हर साल आयोजन की थी, लेकिन आयोजन अब तक नहीं हुआ। खिलाड़ी मैदान में उतरने को तैयार थे, जबकि सरकार कागजों में उलझी रही। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की कार्यशैली का उदाहरण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story