गैस संकट पर पूर्व सीएम का सरकार पर हमला, बोले- “जमीनी हकीकत दावों से अलग”

WhatsApp Channel Join Now
गैस संकट पर पूर्व सीएम का सरकार पर हमला, बोले- “जमीनी हकीकत दावों से अलग”


जयपुर, 18 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में गैस सिलेंडर की उपलब्धता के दावों को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दावों पर सवाल उठाए हैं।

गहलोत ने अपनी पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री का यह दावा कि “प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं है”, जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का गृहिणी वर्ग और व्यापारी आज गैस सिलेंडर के लिए भटकने को मजबूर हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि गैस संकट का असर केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उद्योग-धंधे भी प्रभावित हो रहे हैं। उनके अनुसार, राजस्थान के करीब 50 हजार होटल और रेस्टोरेंट ठप होने की कगार पर हैं। कॉमर्शियल सिलेंडर की कमी के कारण हलवाई, ढाबा संचालक और छोटे व्यवसायी आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन प्रभावित होने से मजदूरों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है, जबकि सरकार निवेश को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है। गहलोत ने अपने बयान में तंज कसते हुए कहा कि स्थिति इतनी गंभीर है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में भी भोजन लकड़ी के चूल्हों पर बनाना पड़ रहा है। उन्होंने इसे सरकार के दावों और वास्तविकता के बीच अंतर का उदाहरण बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार से मांग की कि केवल बयानबाजी करने के बजाय गैस आपूर्ति को सुचारू बनाया जाए और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता और उद्योगों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story