चंबल रिवर फ्रंट की उपेक्षा पर गहलोत ने भाजपा सरकार पर लगाए राजनीतिक द्वेष के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
चंबल रिवर फ्रंट की उपेक्षा पर गहलोत ने भाजपा सरकार पर लगाए राजनीतिक द्वेष के आरोप


जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोटा स्थित चंबल रिवर फ्रंट को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनदेखी को राजनीतिक द्वेष का परिणाम बताया।

गहलोत ने अपनी पोस्ट में कहा कि करीब 1442 करोड़ रुपए की लागत से विकसित चंबल रिवर फ्रंट, जिसमें 26 भव्य घाट और दुनिया की सबसे बड़ी घंटी जैसे आकर्षण शामिल हैं, एक विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल बनने की क्षमता रखता है। इसके बावजूद वर्तमान सरकार द्वारा इसकी उपेक्षा की जा रही है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या साबरमती रिवरफ्रंट से बेहतर होना ही चंबल रिवर फ्रंट का “गुनाह” बन गया है?

गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक प्रतिशोध के चलते इस परियोजना को नजरअंदाज कर रही है, जिससे न केवल हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन विकास पर असर पड़ रहा है, बल्कि राजस्थान की छवि भी प्रभावित हो रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल रिवर फ्रंट हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन का बड़ा केंद्र बन सकता है और इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि राजनीति से ऊपर उठकर इस परियोजना के विकास पर ध्यान दिया जाए।

गहलोत के इस बयान के बाद राज्य की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story