गायत्री परिवार का ऑनलाइन यज्ञ अभियान: देश-विदेश के 130 स्थानों से 700 से अधिक श्रद्धालुओं ने दी आहुतियां
जयपुर, 29 जून (हि.स.)। गायत्री परिवार के 'पूर्णिमा ऑनलाइन यज्ञ अभियान' को देश-विदेश में निरंतर व्यापक और ऐतिहासिक जनसमर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित ऑनलाइन यज्ञ में भारत सहित विदेशों के कुल 130 स्थानों से करीब 700 से अधिक परिजनों ने डिजिटल माध्यम से जुड़कर अपने-अपने घरों से यज्ञ में पवित्र आहुतियां अर्पित कीं।
यज्ञ की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम शुरू होते ही लगभग 100 स्थानों से श्रद्धालु तुरंत ऑनलाइन माध्यम से जुड़ गए थे। इस आध्यात्मिक आयोजन में राजस्थान के विभिन्न जिलों के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, झारखंड, गुजरात, पुणे, मुंबई और गुरुग्राम जैसे प्रमुख शहरों से लोगों ने भाग लिया। वहीं, सात समंदर पार अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया से भी प्रवासियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस ऑनलाइन यज्ञ में सहभागिता की।
यज्ञ के दौरान राजस्थान जोन समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने उपस्थित परिजनों को संबोधित करते हुए कहा किजन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर अधिक से अधिक परिजन इस साधना अभियान से जुड़ें। सभी को सवा लाख गायत्री मंत्र अनुष्ठान का संकल्प लेना चाहिए, ताकि आध्यात्मिक जागरण के इस प्रकाश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि ऑनलाइन यज्ञ के इस डिजिटल माध्यम का विस्तार अब ग्रामीण क्षेत्रों तक किया जाए, ताकि गांवों के परिवारों को भी इस अभियान से जोड़ा जा सके।
इस ऑनलाइन यज्ञ में व्यक्तिगत परिवारों के साथ-साथ गायत्री परिवार के विभिन्न केंद्रों पर सामूहिक आयोजन भी किए गए। इसमें मुख्य रूप से गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी, कालवाड़ शक्तिपीठ, वेदना निवारण केन्द्र, जोधपुर गायत्री शक्तिपीठ तथा नीमकाथाना गायत्री शक्तिपीठ सहित अनेक केंद्रों से बड़ी संख्या में परिजनों ने एक साथ बैठकर विधिवत यज्ञ सम्पन्न किया। गायत्री परिवार जयपुर के समन्वयक सुशील शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन यज्ञ के प्रति परिजनों का विश्वास और रुचि लगातार बढ़ रही है। इसके माध्यम से देश-विदेश के परिवार एक ही समय पर एक साथ आध्यात्मिक साधना से जुड़ रहे हैं, जिससे युग निर्माण के इस महा-अभियान को एक नई गति मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

