गायत्री परिवार के कार्यकर्ता 27 जुलाई को करेंगे गौ पूजन
जयपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण 27 जुलाई को गायत्री परिवार की ओर से पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। श्री वेदमाता गायत्री ट्रस्ट शाखा पुष्कर के मुख्य प्रबंधक एवं जोन प्रभारी ओमप्रकाश अग्रवाल ने प्रदेश के सभी उपजोन समन्वयकों, ट्रस्टियों, शक्तिपीठों, प्रज्ञापीठों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जारी पत्र में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।
ओम प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि गायत्री परिवार की ओर से संचालित एवं संरक्षित गौशालाओं में 27 जुलाई को गौपूजन कराया जाएगा। इसके साथ ही गौसेवा, गौसंवर्धन और गौसंरक्षण के प्रति जनजागरण कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यकर्ता हस्ताक्षर अभियान को गति देंगे तथा एकत्रित हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र जिला मुख्यालयों पर संत समाज और विश्व हिन्दू परिषद के साथ केन्द्र सरकार को प्रभावी गौसंरक्षण कानून बनाने की मांग के समर्थन में सौंपेंगे। सभी जिलों में अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्र में राज्य प्रभारी बहादुर सिंह गुर्जर (नंदबाबा), चन्द्रमादास महाराज तथा राज्य सह प्रभारी गजेन्द्र सिंह के समन्वय में अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया है। गायत्री परिवार ने इसे भारतीय संस्कृति, करुणा और लोकमंगल से जुड़े जनआंदोलन के रूप में समाज की व्यापक सहभागिता से सफल बनाने की अपील की है।
इसी अभियान के तहत जयपुर संभाग में भी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संभाग प्रभारी पवन एवं सह प्रभारी रामनिवास यादव के नेतृत्व में जयपुर, अलवर, कोटपूतली, खैरथल-तिजारा, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक और ब्यावर जिलों में संतों, जिला प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्ति कर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। समिति अभियान के अंतर्गत गौपूजन, हस्ताक्षर अभियान, जनसंपर्क, जनजागरण तथा जिला मुख्यालयों पर प्रार्थना-पत्र सौंपने सहित सभी कार्यक्रमों का समन्वय करेगी। सभी जिलों में संत समाज एवं कार्यकर्ता समन्वय के साथ जनजागरण अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को गोरक्षा आंदोलन से जोड़ेंगे।
जयपुर जिले में डाकोर धाम पीठाधीश्वर रामरतनदास महाराज, महामंडलेश्वर हरिशंकर वेदांती, पवन एवं ईश्वरदास के मार्गदर्शन में पांचू कुमावत, भानु गौत्तम, मनोज गुप्ता, प्रदीप शर्मा एवं गोविन्द नारायण को प्रभारी तथा विशाल रावत, सुमित जांगिड़, रामगोपाल, कार्तिक, अनिता दीदी, सुगनचन्द एवं ताराचंद कोठारी को सह प्रभारी बनाया गया है। अलवर में संत प्रकाशदास महाराज के सान्निध्य में अजय अग्रवाल को प्रभारी तथा पदम सिंह, निधि उपाध्याय, गरिमा गोयल एवं खेमचन्द को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। कोटपूतली में रामदास महाराज के मार्गदर्शन में रामनिवास यादव को प्रभारी बनाया गया है, जबकि खैरथल-तिजारा में आदित्यनाथ के सान्निध्य में देशपाल यादव को प्रभारी एवं यशपाल आचार्य को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार अजमेर में सत्यगोपाल के मार्गदर्शन में जीतू सैन को प्रभारी एवं रणजीत गुर्जर को सह प्रभारी, भीलवाड़ा में लाल महाराज के सान्निध्य में जगदीश साहू को प्रभारी एवं नन्द को सह प्रभारी, टोंक में महंत बालकानन्द के मार्गदर्शन में आशुविजय को प्रभारी एवं रामकिशन को सह प्रभारी तथा ब्यावर में फतेहगिरी के सान्निध्य में दीपक राकावत को प्रभारी एवं भवानीसिंह, धर्मीचंद व्यास, पृथ्वीसिंह तथा जयन्त को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

