राहुल गांधी पर गौरव वल्लभ का तीखा हमला, शाम की ट्यूशन लेने की दी सलाह

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी पर गौरव वल्लभ का तीखा हमला, शाम की ट्यूशन लेने की दी सलाह


डोटासरा को बताया ‘चीयर लीडर्स’ का पुरुष संस्करण

उदयपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। भाजपा नेता एवं प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य गौरव वल्लभ ने उदयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी की भाषा शैली और विषयगत समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उन्हें अर्थव्यवस्था की समझ नहीं है तो वे रोज शाम 4.30 बजे उनसे इकोनॉमिक्स की ट्यूशन ले सकते हैं। वल्लभ ने तंज कसते हुए कहा कि सुबह जल्दी नहीं उठने के कारण शाम का समय राहुल गांधी के लिए अधिक उपयुक्त रहेगा।

गौरव वल्लभ ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त होता है और आम जनता द्वारा दिए गए जीएसटी से उनके वाहन, आवास और सुविधाएं संचालित होती हैं। इसके बावजूद जिस तरह की भाषा और बयान संसद में दिए जा रहे हैं, वह देश के विपक्ष के नेता की गरिमा के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चलते-फिरते किसी को भी गद्दार कहना निंदनीय है और देश जानता है कि वास्तव में गद्दारी किसने की है।

बजट सत्र को लेकर वल्लभ ने कहा कि राहुल गांधी बिना दस्तावेजों के बयान देते हैं और ऐसी पुस्तकों को उद्धृत करते हैं जो प्रकाशित ही नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि बजट समझ में नहीं आता तो आधे घंटे की ट्यूशन लेकर कम से कम तथ्यहीन बयान देने से बचा जा सकता है।

राजस्थान के आगामी बजट पर टिप्पणी करते हुए गौरव वल्लभ ने कहा कि केंद्र और राज्य बजट की तिथियों में एक सकारात्मक संयोग है और विकसित राजस्थान ही विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करेगा।

पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए वल्लभ ने कहा कि उन्हें उन विषयों पर ही बोलना चाहिए जिनका उन्हें ज्ञान है। उन्होंने डोटासरा को ‘चीयर लीडर्स’ का पुरुष संस्करण बताते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था और विकास जैसे विषयों पर टिप्पणी करने से उन्हें बचना चाहिए। अंत में वल्लभ ने केंद्र सरकार के बजट को विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए इसे ‘मोदीनॉमिक्स’ करार दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story