केमिकल टैंकर पलटने से गैस रिसाव
जयपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। बगरू थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब रॉन्ग साइड से आ रही थार के कारण केमिकल से भरा टैंकर बेकाबू होकर पलट गया। टैंकर में “मेथलोन” केमिकल भरा हुआ था। हादसा नेशनल हाईवे-48 पर बगरू के पास होटल हाईवे किंग के सामने करीब ढाई बजे हुआ।
हादसे के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस, सिविल डिफेंस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराने और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। गैस रिसाव की गंभीरता को देखते हुए हाईवे और आसपास के मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया। पुलिस मौके पर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से निकालती रही, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
बगरू थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि टैंकर में ड्राइवर और खलासी मौजूद थे, जबकि थार में चार लोग सवार थे। हादसे के बाद थार भी पलट गई, लेकिन उसमें सवार चारों लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास किए गए। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन गैस रिसाव के कारण क्षेत्र में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। सिविल डिफेंस की टीम केमिकल की प्रकृति की जांच और रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित करने में जुटी है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं और अफवाहों से बचें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

