बिना ओटीपी व डायरी में एंट्री किए अब नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर
जयपुर, 19 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को सचिवालय में विभागीय अधिकारियों एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने और डाइवर्जन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश में घरेलू गैस आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के तीन से चार दिनों के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आमजन को किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और धार्मिक स्थलों पर भी गैस की निर्बाध आपूर्ति की जा रही है।
बैठक में गैस सिलेंडर के डाइवर्जन को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि अब बिना ओटीपी सत्यापन और डायरी में एंट्री के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी। कुछ एजेंसियों में बिना सत्यापन के सिलेंडर वितरण की शिकायतें सामने आने पर यह कदम उठाया गया है।
उन्होंने गैस कंपनियों को निर्देशित किया कि इस नियम को लेकर सभी एजेंसियों में पोस्टर और बैनर के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि फर्जी बुकिंग और कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक लग सके। मंत्री ने कहा कि राज्य और जिला स्तर की निगरानी समितियां पहले से ही कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। अब गैस कंपनियों के फील्ड ऑफिसर्स को भी प्रतिदिन कम से कम एक गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण की रिपोर्ट जियो टैगिंग के साथ विभाग को भेजनी होगी। साथ ही दूरदराज क्षेत्रों में स्थित गैस एजेंसियों की विशेष निगरानी करने को कहा गया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव अम्बरीष कुमार ने बताया कि प्रदेश में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में कोई कमी नहीं आई है और विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में बताया कि नियमित आपूर्ति के चलते अब उपभोक्ताओं में घबराहट कम हुई है, जिससे बुकिंग का दबाव भी घटा है और सर्वर सुचारू रूप से काम कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

