जनानी ड्योढ़ी से आज निकलेगी गणगौर माता की शाही सवारी
जयपुर, 21 मार्च (हि.स.)। चैत्र शुक्ल तृतीया शनिवार को विभिन्न शुभ योग में सुहाग पर्व गणगौर धूमधाम से मनाया जाएगा। शाम को सिटी पैलेस के जनानी ड्योढ़ी से गणगौर की शाही सवारी निकलेगी। शाही ठाठबाट के साथ निकलने वाली गणगौर माता की सवारी के दौरान लोकरंग भी बिखरेंगे। चौगान होते हुए गणगौर माता की सवारी ताल कटोरा के सामने पौंड्रिक उद्यान की छतरी पर पहुंचेंगी, वहां मेला भरेगा। माता को यहां घेवर का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद यहां करीब 30 मिनिट विश्राम के बाद माता की सवारी पुन: सिटी पैलेस के लिए रवाना हो जाएगी। माताजी के दर्शन के लिए यहां शहरभर के लोग एकत्रित होंगे और माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। वहीं
ईसर—गणगौर की पार्वती और शिव के रूप में पूजा की जाएगी। कुंवारी कन्याएं सुयोग्य वर की प्राप्ति के लिए पूजा करेंगी, वहीं विवाहित महिलाएं पति की दीर्घायु की कामना और अखंड सुहाग की कामना के लिए व्रत रखकर गणगौर पूजन करेंगी। पूजन कर गणगौर को भोग स्वरूप गुणा—सकरपारा अर्पित किए जाएंगे। गणगौर का उद्यापन करने वाली महिलाएं 16 सुहागिनों को भोजन कराकर उपहार स्वरूप भेंट देंगी। वहीं उद्यापन नहीं करने वाली महिलाएं अपनी सास को बयाना देकर आशीर्वाद लेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

