गणेशपुर स्कूल में विधायक मद से बने डॉम का लोकार्पण, विद्यार्थियों को मोबाइल से दूरी की सलाह

WhatsApp Channel Join Now
गणेशपुर स्कूल में विधायक मद से बने डॉम का लोकार्पण, विद्यार्थियों को मोबाइल से दूरी की सलाह


डूंगरपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गणेशपुर में गुरुवार को विधायक मद से निर्मित नवनिर्मित डॉम का उद्घाटन एवं लोकार्पण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आसपुर विधायक उमेश डामोर ने फीता काटकर डॉम का शुभारंभ किया और इसे विद्यार्थियों को समर्पित किया। इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक उमेश डामोर ने विद्यार्थियों से मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थी रील्स और इंस्टाग्राम जैसी आभासी दुनिया में उलझकर अपना कीमती समय गंवा रहे हैं। विद्यार्थियों को मोबाइल छोड़कर किताबों से दोस्ती करनी चाहिए, क्योंकि शिक्षा ही जीवन की दिशा और दशा बदलने का सशक्त माध्यम है।

डामोर ने कहा कि उनका विधायक मद मुख्य रूप से शिक्षा के विकास के लिए समर्पित है। उन्होंने विद्यालय में तीन नए कमरों और परकोटे के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इन कार्यों के लिए विधायक मद से 30 प्रतिशत राशि स्वीकृत की जाएगी, जबकि शेष 70 प्रतिशत राशि सांसद मद से उपलब्ध कराई जाएगी। मंच पर मौजूद भाजपा मंडल अध्यक्ष ने सांसद मद से आवश्यक राशि स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रामजी पाटीदार और प्रशासक सुरता भगोरा विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता संस्थाप्रधान पंकज कुमार जैन ने की। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों के ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत और सूत की माला पहनाकर अभिनंदन से हुई।

ग्रामीणों ने शिक्षा और विद्यालय विकास में योगदान के लिए विधायक तथा शिक्षकवृंद का अभिनंदन किया। समारोह में मोहनलाल उपाध्याय, बंशीलाल सोनी, गौतम पाटीदार, लीलाराम उपाध्याय, परमानंद उपाध्याय, मानजी पाटीदार, पुष्कर उपाध्याय, सुभाष पांडे, दत्तू महाराज, दौलतराम वैष्णव और वीरजी पाटीदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। संचालन शिक्षक कैलाश जोशी ने किया। अंत में लीलाराम उपाध्याय ने अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story