नहर के गणेशजी मंदिर में फूलबंगला महोत्सव और भजन संध्या, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
नहर के गणेशजी मंदिर में फूलबंगला महोत्सव और भजन संध्या, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़


जयपुर, 10 जून (हि.स.)। ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित नगर के प्राचीन सिद्धि प्रदाता दाहिनी सूंड दक्षिणमुखी श्री नहर के गणेशजी महाराज मंदिर में बुधवार को विशाल फूलबंगला महोत्सव एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सुसज्जित इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान गणेश के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर के युवाचार्य पंडित मानव शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम मंदिर महंत पंडित जय शर्मा के सान्निध्य में आयोजित हुआ। प्रातःकाल भगवान गणपति की विशेष पूजा-अर्चना कर उन्हें नवीन पोशाक एवं रजत मुकुट धारण कराया गया। इसके बाद मोगरा, रजनीगंधा, गुलाब, हजारा, नवरंगा, आसापाला सहित विभिन्न देशी-विदेशी पुष्पों से भगवान गणेश का मनोहारी श्रृंगार कर आकर्षक फूलबंगला झांकी सजाई गई। सायंकाल आयोजित फूलबंगला झांकी एवं महाआरती में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारों के साथ आरती में भाग लिया।

आरती के उपरांत मंदिर परिसर के जगमोहन में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश और प्रदेश के ख्यातनाम शास्त्रीय, उपशास्त्रीय एवं सुगम संगीत कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों में सरस्वती देवी, पारिक बंधु, आकांक्षा राव, गोपाल सिंह राठौड़, गोपाल खींची, सांवरा जी कथक, खुशी, भावना, हेमराज, रतनलाल, वाहिद खान पिंटू, बुंदु खान और मुकेश मीणा प्रमुख रहे।

वाद्य संगीत की प्रस्तुतियों में अंबालाल (सेक्सोफोन), संजीव शर्मा (वायलिन), किशन कथक (सितार), दिनेश खींची, दिलशाद खान, सद्दाम खान तथा विजय बारेठ (तबला) ने अपनी कला का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। मंच संचालन राजेश आचार्य एवं आर.डी. अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर मंदिर परिवार की ओर से सभी आमंत्रित कलाकारों का सम्मान किया गया। साथ ही वेद स्वाध्याय पीठ, ब्रह्मपुरी के आचार्य पंडित योगेश पारिक एवं पंडित महेश शर्मा सहित लगभग 500 बालक-बालिका शिष्यों का स्वागत एवं सम्मान कर प्रसादी वितरण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story