गांधीनगर जयपुर स्टेशन पर यात्रियों के सुगम आवागमन एवं क्राउड मैनेजमेंट के लिए बन रहा होल्डिंग एरिया

WhatsApp Channel Join Now
गांधीनगर जयपुर स्टेशन पर यात्रियों के सुगम आवागमन एवं क्राउड मैनेजमेंट के लिए बन रहा होल्डिंग एरिया


जयपुर, 03 नवंबर (हि.स.)।

त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गांधीनगर जयपुर स्टेशन पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इन व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने मंगलवार को गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।

स्टेशन पर रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू कर भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। आगामी त्योहारों के दौरान स्टेशन पर आने वाली भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया भी बनाया जा रहा है, जिसके माध्यम से यात्रियों को चरणबद्ध तरीक़े से प्लेटफ़ार्म पर प्रवेश दिया जाएगा।

गांधी नगर जयपुर स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में है। महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हो रहे इन पुनर्विकास कार्यों का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने यात्रियों के सुगम आवागमन, उपलब्ध स्थान का उपयुक्त प्रयोग, सुव्यवस्थित पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सीसीटीवी मॉनिटरिंग तथा साइनेज के संबंध में दिशा निर्देश दिए।

इसके साथ ही त्योहारों के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर कार्यरत सभी संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए । कर्मचारियों को सतर्क रहते हुए यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के लिए अलर्ट मोड पर रहने के भी निर्देश दिए ।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ रवि जैन, मंडल रेल प्रबंधक जयपुर, विवेक सक्सेना, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), ज्योति कुमार सतीजा, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त, जे. एस. लाकरा, प्रमुख मुख्य इंजीनियर सहित मुख्यालय एवं जयपुर मंडल के कई अधिकारी सम्मिलित हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771916 Articles

Share this story