रिफाइनरी के बावजूद पेट्रो जोन में उद्योग शुरू नहीं होने पर गहलोत ने भाजपा सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
रिफाइनरी के बावजूद पेट्रो जोन में उद्योग शुरू नहीं होने पर गहलोत ने भाजपा सरकार को घेरा


जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पचपदरा रिफाइनरी और पेट्रो जोन में पेट्रोकेमिकल उद्योगों की स्थापना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। गहलोत ने कहा कि रिफाइनरी की स्थापना राजस्थान के लिए बड़ा अवसर था, लेकिन भाजपा सरकार इस अवसर का लाभ उठाने में विफल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि रिफाइनरी स्थापित होने के बावजूद अब तक पेट्रो जोन में पेट्रोकेमिकल आधारित उद्योग शुरू नहीं हो पाए हैं।

गहलोत ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने विजन और तत्कालीन यूपीए सरकार के सहयोग से पचपदरा में रिफाइनरी स्थापित करने का निर्णय लिया था। इसके तहत पेट्रो जोन के लिए भूमि भी आवंटित कर दी गई थी। उनके अनुसार कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में रिफाइनरी का काम लगभग पूरा हो चुका था और भाजपा सरकार को केवल ऐसा औद्योगिक वातावरण तैयार करना था, जिससे पेट्रोकेमिकल आधारित नए उद्योग स्थापित हो सकें।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के बड़े अवसर पैदा हो सकते थे, लेकिन भाजपा सरकार के पिछले तीन वर्षों में इस दिशा में अपेक्षित गंभीरता और तत्परता नहीं दिखाई दी।

गहलोत ने दावा किया कि राजस्थान की जमीन पर रिफाइनरी बनने के बावजूद उसका कच्चा माल प्रोसेस होने के लिए दूसरे राज्यों में जाएगा। इससे दूसरे राज्यों को उद्योग और रोजगार का लाभ मिलने की आशंका जताते हुए उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि राजस्थान के हिस्से का रोजगार आखिर किसके खाते में जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रिफाइनरी और पेट्रो जोन का पूरा लाभ राजस्थान को मिले, इसके लिए पेट्रोकेमिकल उद्योगों की स्थापना और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775682 Articles

Share this story