राशि हस्तांतरण एवं संवाद कार्यक्रम शनिवार काे
जोधपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। राज्य सरकार के निर्देशों के अनुक्रम में 15 अगस्त को दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, झालाना डूंगरी जयपुर के सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं ग्राम साथिनों को डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरित की जाएगी तथा उनसे संवाद किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग जोधपुर के उपनिदेशक रावत कड़वासरा ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा। जोधपुर में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स रेजिडेंसी रोड रातानाडा में किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का एलईडी स्क्रीन एवं ऑडियो-विजुअल माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों को राशि हस्तांतरित करने एवं संवाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण उपस्थित प्रतिभागियों को दिखाया जाएगा। उपनिदेशक कड़वासरा ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम से अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉक स्तर पर डीओआईटी एंड सी के वीसी कक्ष तथा ग्राम पंचायत स्तर पर अटल सेवा केंद्रों के माध्यम से कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की समुचित व्यवस्था की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

