गर्मियों की छुट्टियों में गायत्री परिवार चलाएगा निशुल्क बाल संस्कार शाला
जयपुर, 14 मई (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में गायत्री परिवार की ओर से ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों के नैतिक, बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विकास के लिए जयपुर सहित प्रदेशभर में नि:शुल्क बाल संस्कार शालाओं का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 21 मई से प्रारंभ होकर एक माह तक विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होगा।
गायत्री परिवार राजस्थान के मुख्य ट्रस्टी ओम प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं जीवनोपयोगी संस्कारों से जोडऩे के उद्देश्य से जयपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर बाल संस्कार शालाएं प्रारंभ की जा रही हैं। इन संस्कार शालाओं में कक्षा 5 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश पूर्णत: नि:शुल्क रहेगा, किन्तु पंजीयन अनिवार्य होगा।
संस्कार शालाओं में बच्चों को गीता ज्ञान, रामचरितमानस, गायत्री महामंत्र, प्रज्ञा गीत, योग-प्राणायाम, स्वास्थ्य संवर्धन, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, पर्यावरण संरक्षण, संगीत, गायन-वादन, व्यक्तित्व विकास एवं नैतिक शिक्षा जैसे विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही खेलकूद, प्रेरणादायी गतिविधियां, समूह चर्चा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
सभी संस्कार शालाएं पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर संचालित होंगी। इसलिए अभिभावकों से समय रहते बच्चों का पंजीयन कराने की अपील की गई है।
मानसरोवर स्थित गायत्री वेदना निवारण केन्द्र सहित झोटवाड़ा, सत्य नगर, ब्रह्मपुरी, दुर्गापुरा, प्रतापनगर-सांगानेर, करधनी, हरनाथपुरा, मुरलीपुरा तथा रॉयल सिटी क्षेत्र में भी बाल संस्कार शालाएं संचालित की जाएंगी। करधनी क्षेत्र में गुरुकुल विद्याश्रम स्कूल एवं हरनाथपुरा सीनियर सेकंडरी गवर्नमेंट स्कूल में भी विशेष संस्कार शालाओं का आयोजन होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

