राखी पर फ्री यात्रा का असर, रोडवेज बस स्टैंड पर उमड़ी महिलाओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
राखी पर फ्री यात्रा का असर, रोडवेज बस स्टैंड पर उमड़ी महिलाओं की भीड़


उदयपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर राजस्थान सरकार की ओर से महिलाओं और बालिकाओं को रोडवेज बसों में दो दिन नि:शुल्क यात्रा की सुविधा का असर शुक्रवार को उदयपुर रोडवेज बस स्टैंड पर दिखाई दिया। सुबह से ही बस स्टैंड पर महिलाओं और बालिकाओं की भीड़ नजर आई। बड़ी संख्या में महिलाएं राखी के त्योहार पर अपने मायके और भाइयों के घर जाने के लिए बसों का इंतजार करती दिखीं।

रोडवेज के अनुसार 27 और 28 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक राजस्थान की सीमा में साधारण, एक्सप्रेस और ब्लू लाइन बसों में महिलाओं और बालिकाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इस बार यह सुविधा दो दिन के लिए है।

भीड़ से बचने के लिए कई महिलाएं गुरुवार रात से ही यात्रा पर रवाना हो गईं। यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए रोडवेज ने प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की है।

वहीं लग्जरी और वोल्वो बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं है। इनमें महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। दूसरे राज्य तक यात्रा करने पर राजस्थान की सीमा के बाद का किराया यात्री को देना होगा। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की संख्या के अनुसार जरूरत वाले मार्गों पर अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story