निःशुल्क नेत्र जांच महाशिविर में हजारों लोगों को मिलेगा लाभ

WhatsApp Channel Join Now
निःशुल्क नेत्र जांच महाशिविर में हजारों लोगों को मिलेगा लाभ


जयपुर, 28 मार्च (हि.स.)। सक्षम संस्था जयपुर द्वारा शहर में एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच महाशिविर का आयोजन रविवार प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक एस.एस.जी. पारीक पी.जी. महाविद्यालय, बनीपार्क में किया जाएगा। शिविर का आयोजन महेश भगवती बलदवा फाउंडेशन, हैदराबाद के सहयोग से किया जा रहा है।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. अशोक सिंह सोलंकी ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा लगभग 4 से 5 हजार लोगों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही जरूरतमंदों को चश्मे, दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी तथा आवश्यक होने पर आंखों के ऑपरेशन की भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिविर में 25 नेत्र रोग विशेषज्ञ,50 ऑप्टोमैट्रिस्ट और करीब 250 कार्यकर्ता सेवाएं देंगे।

शिविर का उद्घाटन सत्र सुबह 9 बजे होगा, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ मुख्य अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम में सक्षम संस्था के राष्ट्रीय सह-सचिव अभय परगाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बाबूलाल मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे, जबकि महेश भगवती बलदवा फाउंडेशन की चेयरपर्सन भगवती बलदवा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story