नवरात्र 19 को : पहले दिन श्याममय होगी सूर्यनगरी
जोधपुर, 16 मार्च (हि.स.)। नवरात्र के पहले दिन 19 मार्च को सूर्यनगरी श्याममय होने जा रही है। श्याम भक्ति सेवा संस्थान के तत्वावधान में गीता भवन में आयोजित होने वालेे धार्मिक कार्यक्रम में संतों के सानिध्य में 500 श्याम भक्तों को विधिवत प्राण प्रतिष्ठा के साथ श्याम बाबा की 500 मूर्तियां निशुल्क प्रदान की जाएंगी। इससे पहले संस्थान द्वारा शहर के 100 मंदिरों, संस्थानों, प्रतिष्ठानों और अस्पतालों में श्याम बाबा की 100 मूर्तियां निशुल्क स्थापित कर एक अनूठी पहल की जा चुकी है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष ईश्वर सिंह उदावत और कार्यवाहक सचिव हेमंत लालवानी ने बताया कि संस्थान अध्यक्ष मोनिका प्रजापत के नेतृत्व में श्याम भक्ति सेवा संस्थान द्वारा घर-घर श्याम, हर घर श्याम अभियान के तहत जोधपुर के 100 विभिन्न मंदिरों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों में श्याम बाबा की 100 मूर्तियों की स्थापना की जा चुकी है। इसी क्रम में अब 500 मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा, सामूहिक पूजन और वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न कराई जाएगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में न्यायाधिपति विनीत माथुर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सीमांत मुख्यालय सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक एमएल गर्ग और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी उपस्थित रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

