एक अगस्त से बदलेगी चार ट्रेनों की समय सारिणी
जोधपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने जोधपुर मंडल से होकर संचालित चार प्रमुख ट्रेनों की समय-सारिणी में एक अगस्त से आंशिक संशोधन किया है। नई समय-सारिणी के अनुसार इन ट्रेनों का कुछ स्टेशनों पर ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान समय में 10 से 30 मिनट तक का बदलाव किया गया है। संशोधित समय-सारिणी परिचालन व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से लागू की जा रही है।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस जैसलमेर से अपने निर्धारित समय सुबह 6.30 बजे ही रवाना होगी, लेकिन फलोदी, ओसियां, जोधपुर, भगत की कोठी, लूनी, बालोतरा और समदड़ी स्टेशनों पर पहले की तुलना में 10 से 20 मिनट पहले पहुंचेगी और रवाना होगी। समदड़ी के बाद ट्रेन के समय में कोई परिवर्तन नहीं रहेगा।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस के समय में भी आंशिक बदलाव किया गया है। फलोदी तक ट्रेन पूर्व निर्धारित समय पर संचालित होगी, जबकि ओसियां से तिंवरी, मथानियां, राईका बाग, जोधपुर, भगत की कोठी, लूनी व समदड़ी स्टेशनों तक इसका संचालन 10 से 20 मिनट पहले होगा। समदड़ी के बाद ट्रेन का समय यथावत रहेगा। इसके अलावा ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस अब जैसलमेर स्टेशन पर रात 11 बजे के बजाय 11.30 बजे पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 12465 इंदौर-भगत की कोठी रणथंभौर एक्सप्रेस का भगत की कोठी आगमन समय रात 10.20 बजे के स्थान पर 10.30 बजे निर्धारित किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

