इंडिगो: चार फ्लाइटें एक साथ रद्द, यात्री हुए परेशान

WhatsApp Channel Join Now
इंडिगो: चार फ्लाइटें एक साथ रद्द, यात्री हुए परेशान


शेड्यूल बिगड़ा, शादी सीजन में यात्रियों की बढ़ी परेशानी

जोधपुर, 4 दिसंबर (हि.स.)। सर्दियों में बढ़ते एयर ट्रैफिक और ऑपरेशनल चुनौतियों के बीच गुरुवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो ने अपनी चार प्रमुख फ्लाइट्स को अचानक रद्द कर दिया। सुबह से ही एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ और नाराजग़ी का माहौल देखा गया। कई यात्रियों को अंतिम समय पर रद्दीकरण की सूचना मिलने से उनका पूरा दिनभर का शेड्यूल बिगड़ गया।

जोधपुर एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइंस की मुंबई जाने वाली फ्लाइट (6ई6032) कैंसिल की गई है। इसके अलावा हैदराबाद से जोधपुर आने वाली 6ई5142, मुंबई से जोधपुर आने वाली 6ई297 और बेंगलुरु से जोधपुर आने वाली 6ई6471 फ्लाइट भी रद्द की गई है। एयरलाइन की तरफ से फ्लाइट कैंसिल करने का कोई स्पष्ट कारण भी नहीं बताया गया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर मनोज कुमार उनियाल ने बताया कि इंडिगो की ओर से आज सुबह मैसेज आया था कि उनकी चार उड़ान रद्द की जा रही हैं। हालांकि तकनीकी दिक्कत की बात सामने आ रही है।

आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार क्रू की कमी, नई ड्यूटी टाइम लिमिटेशन, तकनीकी चुनौतियां और विंटर ट्रैफिक प्रेशर इन रद्दीकरण के मुख्य कारण बताए जा रहे हैं। इन ऑपरेशनल चुनौतियों के कारण यात्रियों की यात्रा योजनाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें अंतिम समय पर रद्दीकरण की सूचना मिली। जिससे उनकी पूरी दिनचर्या प्रभावित हुई और स्टेशन पर घंटों इंतज़ार करना पड़ा।

रीबुकिंग और रिफंड का विकल्प

इंडिगो की ओर से यात्रियों को रीबुकिंग और रिफंड की सुविधा दी जा रही है। लेकिन यात्रियों का कहना है कि अंतिम समय पर रद्दीकरण से उनका दिनभर का शेड्यूल बिगड़ गया और उन्हें दूसरे महंगे टिकट खरीदने पड़े। जिससे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। यात्रियों की मुख्य शिकायत थी कि रद्दीकरण की सूचना समय पर नहीं दी गई। जोधपुर इन दिनों शादी सीजऩ के कारण देश के सबसे व्यस्त शहरों में शामिल है।

डेस्टिनेशन वेडिंग्स और समारोहों के लिए बड़ी संख्या में लोग जोधपुर आ-जा रहे :

डेस्टिनेशन वेडिंग्स और समारोहों के लिए बड़ी संख्या में लोग जोधपुर आ-जा रहे हैं। ऐसे में एक ही दिन चार फ्लाइट्स का रद्द होना यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बन गया। कई संगठित कार्यक्रम। विवाह समारोह और ट्रैवल प्लान बुरी तरह से प्रभावित हुए। जिससे कई परिवारों की खुशियों में खलल पड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story